हैदराबाद: सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटन्स के बीच गुरुवार को हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय में खेला गया मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। दोनों टीमों के खाते में मैच के खत्म होने के बाद एक-एक अंक आया जिसकी वजह से सनराइजर्स हैदराबाद प्लेऑफ के क्वालीफाइ करने वाली तीसरी टीम बन गई। इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स की टीम प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है। हैदराबाद के खाते में 13 मैच में 7 जीत और एक मुकाबला रद्द होने के बाद 15 अंक हो गए हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद बनाम गुजरात टाइटन्स(साभार IPL/BCCI)
पंजाब के खिलाफ जीत पहुंचाएगी नंबर 2 पर
ऐसे में अब सनराइजर्स हैदराबाद के प्रशंसकों के सामने ये सवाल आ खड़ा हुआ है कि क्या उनकी टीम लीग दौर का अंत टॉप 2 में रहते हुए करेगी या नहीं। क्योंकि पहली दो टीमों के फाइनल में पहुंचने के दो मौके मिलते हैं। हैदराबाद का अब केवल एक मैच बचा है। वो मुकाबला पंजाब किंग्स के साथ 19 मई की दोपहर हैदराबाद में खेला जाएगा। इस मुकाबले में जीत के बाद हैदराबाद के खाते में 17 अंक हो जाएंगे। अगर हैदराबाद की टीम उस मैच को गंवा देती है तो उसके खाते में 15 अंक रह जाएंगे। ऐसे में वो तीसरे पायदान पर पहुंच जाएगी।
राजस्थान की हार का करना होगा इंतजार
इस मैच के बाद लीग दौर में मौजूदा टॉप दो टीमों कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच गुवाहाटी में भिड़ंत 19 मई की शाम को होगी। इस मैच में अगर कोलकाता बाजी मारती है तो वो पहले पायदान पर और मजबूती से काबिज हो जाएगी। वहीं राजस्थान रॉयल्स तीसरे पायदान पर पहुंच जाएगी। हालांकि ये पोजीशन शनिवार को चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के बीच के मुकाबले पर निर्भर करेगी। अगर सीएसके मैच जीत लेती है तो वो 16 अंक के साथ तीसरे स्थान के लिए चुनौती पेश करेगी। वहीं केकेआर के खिलाफ हार के बाद राजस्थान चौथे स्थान पर 16 अंक पर रह जाएगी। ये गणित भी थोड़ा मुश्किल है। ये परिस्थितियां आखिरी दिन पूरी तरह स्पष्ट होंगी।
हैदराबाद को हासिल करनी होगी बड़े अंतर से जीत
कुल मिलाकर अंक तालिका में नंबर दो पर रहने के लिए हैदराबाद को अपना आखिरी बचा मुकाबला पंजाब के खिलाफ जीतना होगा। वहीं केकेआर के खिलाफ राजस्थान अपना मैच गंवा देती है तो वो प्लेऑफ की आखिरी दो टीमों में रहेगी। ऐसे में उसे एल्मिनेटर और क्वालीफायर दो के जरिए फाइनल में पहुंचना होगा।
नॉक आउट बना सीएसके और आरसीबी का मैच
18 मई को बेंगलुरू में खेला जाने वाले चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के बीच मुकाबला नॉकआउट बन गया है। इसी मैच से प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम का निर्णय होगा। जो टीम जीतेगी वो प्लेऑफ में पहुंचेगी। आरसीबी को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए चेन्नई को 18 से अधिक रन से या 10 गेंद शेष रहते हराना होगा।
लखनऊ की संभवानाएं हुईं धूमिल
लखनऊ की टीम अगर मुंबई इंडियन्स को अगर मात दे भी देती है तो उसके लिए प्लेऑफ के दरवाजे नहीं खुलेंगे। लखनऊ को इसके लिए मुंबई को कम से कम 400 रन के अंतर से हराना होगा जो कि लगभग नामुमकिन है।
