Yashasvi Jaiswal, Most boundaries in an IPL inning: इंडियन प्रीमियर लीग में रविवार को मुंबई इंडियन्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच 1000वां मुकाबला खेला गया। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स के बांए हाथ के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने 62 गेंद में 124 रन की पारी खेली। उन्होंने 200 के स्टाइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 16 चौके और 8 छक्के अपने पारी में जड़े और आईपीएल के एक मैच में सबसे ज्यादा बाउंड्री जडने के मामले में ब्रेंडन मैकुलम को पछाड़कर दूसरे पायदान पर पहुंच गए।
यशस्वी जायसवाल(साभार IPL/BCCI)
तोड़ा ब्रेंडन मैकुलम का पहले मैच में बनाया रिकॉर्ड
यशस्वी जायसवाल ने रविवार को अपनी पारी में कुल 24 बाउंड्री जड़ीं। उनसे ज्यादा बार आईपीएल की एक पारी में बाउंड्री के पार गेंद को केवल क्रेस गेल ने पहुंचाया है। उन्होंने साल 2013 में पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ 175 रन की नाबाद पारी के दौरान 30 बार गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाया था। इसमें 17 छक्के और 13 चौके शामिल थे। लेकिन संयोगवश अपनी आतिशी शतकीय पारी के दौरान जायसवाल ने आईपीएल के उद्धाटन मुकाबले में 158 रन बनाने वाले ब्रेंडन मैकुलम को पीछे छोड़ दिया। उस एतिहासिक मैच में मैकुलम के बल्ले से 10 चौके और 13 छक्के निकले थे। ऐसे में 1000वें मुकाबले में मैकुलम का रिकॉर्ड तोड़कर दूसरे स्थान पर कब्जा कर लिया।
बने मुंबई इंडियन्स के खिलाफ सबसे ज्यादा बाउंड्री जड़ने वाले प्लेयर
इस सूची में दूसरे पायदान पर आरसीबी के लिए खेलने वाले पूर्व दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज एबी डिविलियर्स का भी नाम है। उन्होंने साल 2015 में मुंबई इंडियन्स के खिलाफ मैच में 23 बार गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाया था। इस लिहाज से यशस्वी एबी डिविलियर्स को पछाड़कर आईपीएल में मुंबई इंडियन्स के खिलाफ सबसे ज्यादा बाउंड्री जड़ने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं।
