आईपीएल के 16 साल हो गए हैं, लेकिन दो खिलाड़ी अब भी अपने-अपने टीम के लिए लड़ रहे हैं। एक जहां पहली ट्रॉफी के लिए तरस रहा है तो वहीं दूसरे की नजर अपने 5वीं ट्रॉफी पर टिकी है। ये सच्चाई है क्रिकेट जगत के दो सबसे लोकप्रिय क्रिकेटर एमएस धोनी और विराट कोहली की जो लगातार 16 साल से एक ही टीम के लिए आईपीएल खेल रहे हैं।
विराट कोहली और एमएस धोनी
एमएस धोनी के नेतृत्व में चेन्नई जहां चार बार आईपीएल ट्राफी जीतकर मुंबई इंडियंस के बाद लीग की दूसरी सबसे सफल टीम है तो वहीं आरसीबी को अपने पहले ट्रॉफी का इंतजार है। वह दो बार फाइनल में तो पहुंची है, लेकिन रनर-अप से ही उसे संतोष करना पड़ा है।
लेकिन कभी आपने सोचा है कि यदि एमएस धोनी आरसीबी की कप्तानी कर रहे होते तो क्या होता? यही सवाल जब पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और स्विंग के सुल्तान वसीम अकरम से पूछा गया तो उन्होंने इसका बड़ा ही मजेदार जवाब दिया।
स्पोर्ट्सकीड़ा से बात करते हुए वसीम अकरम ने विराट कोहली की तारीफ की। उन्होंने कहा कि वह वर्तमान में वर्ल्ड के बेस्ट प्लेयर हैं और उनका फैन बेस भी तगड़ा है। वह आरसीबी से तबसे जुड़े हैं जब से आईपीएल शुरू हुआ है। लेकिन एक भी ट्रॉफी वह नहीं जीत पाए हैं। धोनी होता तो 3 ट्रॉफी जीत चुका होता।
जब उनसे पूछा गया कि विराट कोहली जब आरसीबी के कप्तान थे तो वो कहां चूक गए? इस पर वसीम अकरम ने कहा 'मैं नहीं जानता कि वह कहां चूक गए, क्योंकि वह एक मेहनती क्रिकेटर हैं।
उन्होंने धोनी की कप्तानी को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। अकरम ने कहा कि कप्तानी एक आदत होती है जो धोनी की बन चुकी है। उन्होंने कहा कि धोनी भले ही अपने इमोशन को चेहरे पर आने नहीं देते लेकिन खिलाड़ी जानते हैं कि वह क्या कहना चाह रहे हैं? इसके अलावा धोनी एक ऐसे कप्तान हैं जो अपने खिलाड़ियों पर भरोसा रखते हैं।
