LSG vs SRH Dream11 Team, Playing-11: इंडियन प्रीमियर लीग के 10वें मैच में आज लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से हो रहा है। यह मैच लखनऊ के होम ग्राउंड इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। हैदराबाद की टीम को जहां पहले मुकाबले में राजस्थान के हाथो हार मिली थी तो लखनऊ के लिए अब तक खेल गए 2 मैच का सफर मिला-जुला रहा है। पहले मैच में जहां लखनऊ की टीम ने दिल्ली कैपिटल्स को 50 रन से हराया था तो वहीं दूसरे मैच में उसे चेन्नई सुपर किंग्स से हार का सामना करना पड़ा था।
लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद
दोनों ही मैच में लखनऊ की तरफ से कैरिबियाई पावर हिटिंग देखने को मिली थी। जहां काइल मेयर्स ने दोनों ही मैच में विस्फोटक अर्धशतकीय पारी खेली थी तो वहीं निकोलस पूरन ने पहले मैच में 36 और दूसरे मैच में 18 गेंद पर 32 रन की पारी खेली थी। पहले मैच में जीत के हीरो रहे मार्क वुड को दूसरे मैच में मार जरूर पड़ी थी, लेकिन इसके बावजूद वह 3 विकेट लेने में कामयाब रहे थे।
हैदराबाद टीम की बात करें तो टीम इस बार अपने कप्तान एडेन मार्करम के नेतृत्व में उतरेगी जो गजब फॉर्म में हैं और उम्मीद है कि बतौर कप्तान वह टीम को जीत दिलाने में कामयाब रहेंगे, क्योंकि बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही क्षेत्रों में टीम कुछ कमाल नहीं कर पाई थी।
इस मुकाबले में हैदराबाद के चयनित कप्तान एडेन मार्करम टीम से जुड़ गए हैं। वहीं लखनऊ की टीम ने दो खिलाड़ियों को पहली बार अपनी टीम में मौका दिया है, ये हैं भारतीय स्पिनर अमित मिश्रा और वेस्टइंडीज के रोमारियो शेफर्ड।
