राजस्थान रॉयल्स और इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर का कहना है कि अगर कोई कमेंटेटर किसी खिलाड़ी की आलोचना करता है तो वह केवल अपना काम कर रहा है और इसे स्वीकार करना किसी भी क्रिकेटर के करियर का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए।
जोस बटलर (BCCI/IPL)
बटलर ने ‘ह्यूमंस ऑफ बॉम्बे’ को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘‘स्वीकृति आपके काम का एक बड़ा हिस्सा है। इस बात को स्वीकार करना कि प्रसारणकर्ता किसी को अपनी राय देने के लिए भुगतान करता है, वे सिर्फ अपना काम कर रहे हैं। जब वे मेरी आलोचना करते हैं तो यह मुझ पर व्यक्तिगत हमला नहीं होता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘और मैं अन्य खेल देखता हूं। मैं फुटबॉल देखता हूं और कहा जाता है ‘ओह वह कैसे चूक गया? यह इतना आसान था’। ठीक यही लोग करते हैं जब मैं कैच छोड़ता हूं या कम स्कोर पर आउट हो जाता हूं। जब मैं दूसरे खेल देखता हूं तो मैं भी ऐसा ही करता हूं। इसे बस स्वीकार करना होगा।’’ इंग्लैंड के सीमित ओवरों के कप्तान का कहना है कि वह हमेशा सभी प्रारूप में खेलने वाला क्रिकेटर बनना चाहते थे और टेस्ट क्रिकेट में प्रदर्शन नहीं कर पाना एक ऐसी चीज है जो अभी भी उन्हें परेशान करती है।
बटलर ने कहा, ‘‘मेरी ताकत हमेशा बेहतर एकदिवसीय और टी20 खिलाड़ी होना रही है। मैं सभी प्रारूप का खिलाड़ी और एक बहुत ही सफल टेस्ट क्रिकेटर बनने के लिए बेताब था। मैंने काफी टेस्ट क्रिकेट खेला लेकिन कभी भी इस स्तर पर लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया जिससे मुझे लगता कि मैंने वह हासिल कर लिया है जो करना चाहता था और यह हताशा हमेशा रहेगी। मैं हमेशा दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक बनना चाहता हूं।’’
