अहमदाबाद: संजू सैमसन की कप्तानी वाली राजस्थान रॉयल्स ने आखिरकार डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात के खिलाफ जीत का स्वाद चख लिया। पिछले सीजन दोनों टीमों के बीच फाइनल सहित कुल तीन मुकाबले खेले गए थे और तीनों ही बार राजस्थान को हार का मुंह देखना पड़ा था।रविवार को खेले गए मुकाबले में गुजरात ने जीत के लिए राजस्थान के सामने 178 रन का लक्ष्य रखा था। जिसे 4 रन पर 2 विकेट के साथ पारी की शुरुआत करने के बावजूद राजस्थान ने 4 गेंद और 3 विकेट रहते हासिल कर लिया। कप्तान सैमसन ने राजस्थान के लिए सबसे अधिक 60 रन 32 गेंद में 3 चौके और 6 छक्के की मदद से बनाए। इसके बाद टीम को जीत की दहलीज विंडीज के धाकड़ बल्लेबाज शिमरॉन हेटमायर ने 26 गेंद में 56 रन की नाबाद पारी खेलकर पार कराई।
शिमरॉन हेटमायर और संजू सैमसन(साभार IPL/BCCI)
ये जीत है पिछले सीजन की हार का बदला
शिमरॉन हेटमायर को इस आतिशी पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। हेटमायर ने अपनी पारी के दौरान 2 चौके और 5 छक्के जड़े। मैन ऑफ द मैच चुने जाने के बाद उन्होंने कहा, 'मेरे पास अभी कुछ बयां करने के लिए शब्द नहीं है। पिछले सत्र में उन्होंने हमें तीन बार हराया था तो यह जीत बदले की तरह है। मैं अभ्यास सत्र के दौरान ऐसी स्थिति को दिमाग में रखता हूं। हमें विश्वास था की हम आखिरी के आठ ओवर में 100 रन के करीब के लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।'
गेंदबाजों ने कराई वापसी, 170 पर रोका
वही टीम की 5 मैच में चौथी और लगातार तीसरी जीत के बाद राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने गुजरात को 177 रन पर रोकने पर अपने गेंदबाजों की तारीफ की। सैमसन ने कहा,'जब आप एक बेहतरीन टीम के खिलाफ अच्छे विकेट पर शानदार स्टेडियम में खेलते हैं तो आप एक बेहतरीन मैच की आशा करते हैं। मुझे विजयी पक्ष में होने की खुशी है। मुझे लगता है कि गेंदबाजी में बार-बार बदलना बहुत जरूरी था। वे हमारे स्पिनरों के खिलाफ तेजी से रन बनाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने कुछ अच्छे प्रहार किये लेकिन मुझे अपनी टीम पर बहुत गर्व है कि उन्होंने गुजरात की पारी को 170 के करीब स्कोर तक सीमित कर दिया।'
शिमरॉन को पसंद है मुश्किल परिस्थितियां
सैमसन ने कहा, 'हमारी बल्लेबाजी की शुरुआत में नयी गेंद से उन्होंने शानदार स्विंग गेंदबाजी की। और हमें उनका सम्मान करना था लेकिन हम यह अच्छी तरह जानते थे कि बाद के ओवरों में हम बड़े शॉट्स खेल सकेंगे।' मैच जिताऊ पारी खेलने वाले शिमरॉन हेटमायर के बारे में पूछे जाने पर सैमसन ने कहा, 'उसे आसान परिस्थितियां पसंद नहीं हैं, हम उसे ऐसी परिस्थितियों में डालना पसंद करते हैं क्योंकि वह आमतौर पर ऐसी स्थितियों से हमें मैच जिताता रहता है।'
(भाषा इनपुट के साथ)
