मोहाली: आईपीएल 2023 में गुरुवार को खेले गए पहले मुकाबले में आरसीबी ने विराट कोहली की कप्तानी में खेलते हुए पंजाब को उसके घर पर 24 रन के अंतर से मात दी। पंजाब की टीम जीत के लिए 175 रन के लक्ष्य को नहीं हासिल कर सकी। मोहम्मद सिराज ने लक्ष्य को बचाने में सबसे अहम भूमिका अदा की उन्होंने 21 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए और इस प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।
मोहम्मद सिराज और दिनेश कार्तिक(साभार IPL/BCCI)
बुमराह की गैरमौजूदगी में मचाया है धमाल
भारत के लिए सिराज सभी प्रारूपों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे प्रभावशाली गेंदबाजों में से एक के रूप में उभरे हैं और उन्होंने जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में जिम्मेदारी अच्छी तरह निभाई है। वह इस साल की शुरुआत में लगभग दो महीने के लिए नंबर एक एकदिवसीय गेंदबाज भी बने थे।सिराज ने अपनी हालिया सफलता का श्रेय कोविड के कारण लागू लॉकडाउन के दौरान की गई कड़ी मेहनत को दिया है।
लॉकडॉउन मेरे लिए था महत्वपूर्ण
सिराज ने मैच के बाद कहा, 'लॉकडाउन मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण था। मैं इससे पहले काफी निराश था क्योंकि मैं काफी महंगा साबित होता था। मैंने अपने जिम प्रशिक्षण,अपनी गेंदबाजी पर ध्यान केंद्रित किया और मैं अच्छा प्रदर्शन करना चाहता था। एकदिवसीय मैचों में भी मेरी लय अच्छी थी, मेरा आत्मविश्वास ऊंचा था और मैं इसे आईपीएल के इस सत्र में लेकर आया। मैं एक अच्छा क्षेत्ररक्षक हूं; मैं कभी-कभी कुछ गलतियां करता हूं (मुस्कुराते हुए)। मैं हमेशा हर पहलू में सुधार करने कोशिश करता हूं जिससे कि मैं टीम का हिस्सा बना रह सकूं।'
(भाषा इनपुट के साथ)
