न्यूजीलैंड के सीनियर बल्लेबाज डेवोन कॉनवे बुधवार को भारत के खिलाफ होने वाले पहले वनडे से बाहर हो गए हैं। ट्रेनिंग सेशन के दौरान साथी खिलाड़ी मैट हेनरी से टकराने के कारण उन्हें 'कन्कशन' (सिर की चोट) हो गया है। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने मंगलवार को बताया कि यह टक्कर तब हुई जब ऑकलैंड के ईडन पार्क में टीम की ट्रेनिंग के दौरान दोनों खिलाड़ी हवा में उछलकर कैच पकड़ने की कोशिश कर रहे थे।
डेवोन कॉनवे भारत के खिलाफ पहले वनडे मैच से हुए बाहर (Instagram)
NZC ने एक प्रेस रिलीज में कहा, "ईडन पार्क में आज ब्लैककैप्स (न्यूजीलैंड टीम) की ट्रेनिंग के दौरान कैच पकड़ने की कोशिश में डेवोन कॉनवे और मैट हेनरी आपस में टकरा गए। मेडिकल स्टाफ ने तुरंत दोनों खिलाड़ियों का इलाज किया और उनके सिर की चोट का असेसमेंट (जांच) किया।"
इसमें आगे कहा गया, "कॉनवे को आगे की जांच के लिए अस्पताल के A&E (एक्सीडेंट एंड इमरजेंसी) विभाग में ले जाया गया, जहां उन्हें 'कन्कशन' होने की पुष्टि हुई। इस वजह से वह कल भारत के खिलाफ होने वाले पहले वनडे से बाहर हो गए हैं।"
दोनों खिलाड़ियों की स्थिति पर नजर रखी जाएगी और सीरीज में उनके आगे खेलने को लेकर जानकारी बाद में दी जाएगी। दोनों टीमों के बीच हाल ही में खत्म हुई T20I सीरीज को भारत ने 3-2 से जीता है।
दो खिलाड़ी पहले ही सीरीज से हो चुके हैं बाहर
इससे पहले ही भारत के खिलाफ वनडे सीरीज से न्यूजीलैंड को चोट के कारण दो बड़े झटके लगे हैं। मार्क चैपमैन और रचिन रवींद्र टीम वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। चैपमैन हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर रहे हैं, जबकि रवींद्र अभी भी कंधे की समस्या से जूझ रहे हैं। ये दोनों खिलाड़ी भारत के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज में नहीं खेल पाएंगे। न्यूजीलैंड के चयनकर्ताओं ने टीम में बदलाव किए हैं और हेनरी निकोल्स, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट और टिम साइफर्ट को शामिल किया है।
साइफर्ट को इससे पहले केवल चौथे और पांचवें वनडे के लिए चुना गया था, अब पूरी सीरीज के लिए उपलब्ध रहेंगे। निकोल्स पहले तीन मैचों के लिए टीम से जुड़ेंगे, जबकि फॉक्सक्रॉफ्ट आखिरी दो मैचों में टीम का हिस्सा होंगे। निकोल्स ने वेलिंग्टन फायरबर्ड्स के खिलाफ कैंटरबरी के लिए अपने दूसरे मैच में 119 रन बनाए, जिसके बाद उन्हें टीम में जगह मिली। लिस्ट-ए क्रिकेट में यह उनका 13वां शतक था। फॉक्सक्रॉफ्ट, इंडिया ए के खिलाफ रेड-बॉल सीरीज पूरी करने के बाद न्यूजीलैंड की टीम से जुड़ेंगे।
