स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। महिला टी20 विश्व कप में भारत और पाकिस्तान (IND W vs PAK W) की टीमों के बीच मुकाबले के लिए मंच तैयार है। टूर्नामेंट के छठे मैच में दोनों टीमें 14 जून को बर्मिंघम के एजबेस्टन (Edgbaston in Birmingham) में आमने-सामने होंगी। मौजूदा टूर्नामेंट में दोनों टीमों का यह पहला मैच होगा।
एजबेस्टन पिच रिपोर्ट- फोटो- Vitality Blast T20
भारतीय टीम वार्म-अप मैचों में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद इस मुकाबले में उतरेगी। हालांकि, टीम ने वेस्टइंडीज महिला टीम को हराया, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ उन्हें हार का सामना करना पड़ा। फिर भी टीम इंडिया अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद करेगी।
पाकिस्तान तोड़ना चाहेगी अभिशाप
दूसरी ओर, पाकिस्तानी महिला टीम अपने पिछले छह मैचों में एक भी जीत हासिल नहीं कर पाई है। जबकि दो मैच बिना गेंद फेंके ही रद्द हो गए। पाकिस्तान इस अभिशाप को तोड़कर जीत की राह पर लौटना चाहेगी। हालांकि, यह उनके लिए काफी चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है, क्योंकि उनका सामना मौजूदा वनडे विश्व कप चैंपियन भारतीय टीम से है, बस प्रारूप अलग है।
भारत बनाम पाकिस्तान एजबेस्टन पिच रिपोर्ट
बर्मिंघम के एजबेस्टन की पिच काफी संतुलित है। स्पिनरों और तेज गेंदबाजों दोनों को बराबर मदद मिलने की उम्मीद है। हालांकि, इस पिच पर तेज गेंदबाजों को परंपरागत रूप से ज्यादा मदद मिलती है। बल्लेबाज मैच के शुरुआती चरणों में तेज गेंदबाजी का पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगे। यहां चेज करना आसान होता है, इसलिए टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना एक समझदारी भरा फैसला हो सकता है।
दोनों टीमों का स्क्वाड-
भारतीय महिला टीम:- हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, श्री चरणनी, यास्तिका भाटिया, नंदनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव
पाकिस्तान की महिला टीम:- फातिमा सना (कप्तान), गुल फिरोजा, आयशा जफर, इरम जावेद, एमान फातिमा, आलिया रियाज, नतालिया परवेज, सायरा जबीन, मुनीबा अली, तूबा हसन, रमीन शमीम, सादिया इकबाल, नाशरा संधू, डायना बेग, तस्मिया रुबाब
