INDW vs ENGW 1st Test: गेंदबाजों ने इंग्लैंड को बैकफुट पर धकेला, ड्राइविंग सीट पर हरमन ब्रिगेड

  • Agency by: Agency
  • Updated Dec 15, 2023, 07:17 PM IST

INDW vs ENGW 1st Test: दीप्ति शर्मा की धारदार गेंदबाजी के दम पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने मैच में पकड़ बना ली है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 6 विकेट के नुकसान पर 186 रन बना लिए हैं। पुजा वस्त्राकर और हरमनप्रीत कौर मैदान पर मौजूद हैं।

दीप्ति शर्मा के हरफनमौला खेल से भारतीय महिला टीम इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र महिला टेस्ट के दूसरे दिन शुक्रवार को अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली। अभी दो दिन का खेल बचा है और दूसरी पारी में अब तक 478 रन की बढ़त बनाने के बाद भारत के पास घरेलू सरजमीं पर पहली बार इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट जीतने का मौका है। दीप्ति ने भारतीय टीम की पहली पारी में 113 गेंद में 67 रन बनाकर टीम के स्कोर को 428 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने के बाद अपनी शानदार फिरकी से इंग्लैंड की बल्लेबाजी क्रम को झकझोर दिया। उन्होंने 5.3 ओवर में चार मेडन और सात रन देकर पांच विकेट चटकाये जिससे इंग्लैंड की पहली पारी महज 136 रन पर सिमट गयी।

India Women vs England Women

भारतीय महिला टीम (साभार-BCCI Women)

इंग्लैंड की टीम एक समय तीन विकेट पर 108 रन बनाकर अच्छी स्थिति में थी लेकिन इसके बाद दीप्ति के कहर से उसकी पारी सस्ते में निपट गयी। टीम ने 10 रन के अंदर आखिरी छह विकेट गंवा दिये। स्नेह राणा ने 25 रन देकर दो जबकि रेणुका सिंह और पूजा वस्त्राकर ने एक-एक विकेट चटकाये। भारत ने पहली पारी में 292 रन की बड़ी बढ़त लेने के बाद इंग्लैंड को फालोऑन करने की जगह दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने दिन का खेल खत्म होने तक अपनी दूसरी पारी में छह विकेट पर 186 रन बना लिये। उसकी कुल बढ़त 478 रन की हो गयी और अभी चार विकेट शेष है।

End of Feed