Radha Yadav: देश भर में फिलहाल बारिश का दौर जारी है और जगह-जगह पर पानी भर रहा है जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसका सबसे ज्यादा असर गुजरात में पड़ा है जहां पर लोग घरों में फंस गए हैं। आम लोगों के अलावा कई खिलाड़ी भी इससे बचे नहीं हैं। इसी में भारत की स्टार गेंदबाज राधा यादव का नाम भी है जो कि वडोदरा में रहती हैं और बाढ़ में बुरी तरह से फंस गई थी। लेकिन बाद में बच गई।
राधा यादव (फोटो- BCCI)
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी राधा यादव को गुजरात के वडोदरा में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में उनके घर से राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीम ने बचाया। स्पिनर ने बुधवार, 28 अगस्त को एक इंस्टाग्राम पोस्ट के ज़रिए इसकी जानकारी दी। पिछले एक हफ़्ते से गुजरात के वडोदरा शहर के कई हिस्से भारी बारिश के कारण बाढ़ से प्रभावित हैं। राज्य सरकार ने बुधवार को कहा कि शहर में स्थिति चिंताजनक है और राहत और बचाव कार्य के लिए NDRF की टीम को बुलाया गया है।
