इंदौर: हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम को इंग्लैंड के खिलाफ इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में 4 रन के अंतर से हार का मुंह देखना पड़ा। जीत के लिए 289 रन के रिकॉर्ड लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 47वें ओवर तक मैच में बनी हई थी। 19 ओवर में जीत के लिए भारतीय टीम को 27 रन बनाने थे। ये रन भारत के निचले क्रम के बल्लेबाज दीप्ति शर्मा के आउट होने के बाद हासिल नहीं कर सकी और 4 रन के अंतर से मैच अपने नाम कर लिया।
हरमनप्रीत कौर
वर्चुअल क्वार्टर फाइनल बना न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबला
भारत के खिलाफ मुकाबले में 4 रन के करीबी अंतर से जीत दर्ज करने के साथ ही इंग्लैंड महिला विश्व कप 2025 के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बाद तीसरी टीम बन गई। सेमीफाइनल के लिए एक सीट खाली है जिसके लिए भारत और न्यूजीलैंड की टीम दौड़ में बनी हुई है। दोनों के बीच 23 अक्टूबर को नवी मुंबई में भिड़ंत होगी। इस मैच में जो टीम जीत दर्ज करेगी वो सेमीफाइनल के चौथे और आखिरी स्थान की सबसे प्रबल दावेदार होगी। इसका सीधा सा मतलब यह है कि भारतीय टीम के लिए अंतिम दो मुकाबले करो या मरो वाले हो गए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ 23 अक्टूबर को नवी मुंबई के डीवाय पाटिल स्टेडियम में खेला जाने वाला मुकाबला जो टीम जीतेगी वो सेमीफाइनल की चौथी और आखिरी सीट की प्रबल दावेदार होगी।
ऐसा है भारतीय टीम का अंक तालिका में हाल
टीम इंडिया को अबतक विश्व कप में खेले गए पांच में से 3 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है और दो में उसे जीत मिली है। भारतीय टीम के खाते में 5 मैच में 2 जीत 3 हार के साथ कुल 4 अंक हैं और उसका नेट रन रेट 0.526 का है। वहीं न्यूजीलैंड की टीम 5 मैच में एक जीत 2 हार और 2 रद्द हुए मुकाबलों के साथ पांचवें स्थान पर है। उसके खाते में 4 अंक है और नेट रन रेट -0.245 का है। भारतीय टीम नेट रन रेट के लिहाज से कीवी टीम से आगे है।
सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए जीतने होंगे दोनों मैच
23 अक्टूबर को खेले जाने वाले मुकाबले में जो टीम जीत दर्ज करगी उसके 6 अंक हो जाएंगे। भारतीय टीम अगर उस मैच को जीत लेती है तो उसकी सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना बनी रहेगी। इसके बाद भारतीय टीम को बांग्लादेश को भी पटखनी देनी होगी। दो मैच में दो जीत भारतीय टीम की सेमीफाइनल में 8 अंक के साथ जगह पक्की कर देगी। लेकिन एक मैच में जीत और एक में हार के बाद टीम इंडिया दूसरी टीमों पर निर्भर हो जाएगी। कप्तान हरमनप्रीत कौर की सेना अगले दो मुकाबलों जीत दर्ज करने में नाकाम रहती है तो उसका विश्व चैंपियन बनने का सपना फिर अधूरा रह जाएगा।
