Womens Blind T20 World Cup 2025: भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने फाइनल मुकाबले में नेपाल को 7 विकेट से करारी शिकस्त देते हुए इतिहास रच दिया है। इस जीत के साथ ही भारत ने पहला महिला T20 वर्ल्ड कप क्रिकेट फॉर द ब्लाइंड का खिताब अपने नाम कर लिया है। यह टूर्नामेंट 11 नवंबर को नई दिल्ली में शुरू हुआ था, जिसमें भारत, नेपाल, पाकिस्तान, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और यूएसए समेत छह टीमों ने हिस्सा लिया था।
भारतीय महिला ब्लाइंट क्रिकेट टीम (फोटो- X)
नेपाल की पारी 114 रन पर थमी
कोलंबो में खेले गए खिताबी मुकाबले में टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला करते हुए भारत ने नेपाल को निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 114 रन पर ही रोक दिया। नेपाल की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उन्होंने 30 रन के स्कोर तक कप्तान बिनीता पुन (5 रन), मीनाक्षी चौधरी (8 रन) और सुषमा तमांग (6 रन) के विकेट गंवा दिए थे। यहाँ से बिमला रानी और सरिता घिमिरे ने टीम को संभाला। बिमला रानी ने 26 गेंदों में 26 रन बनाए, जबकि सरिता घिमिरे ने 38 गेंदों में नाबाद 35 रन जुटाते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुँचाया। भारत की तरफ से बी1 जमुना रानी टुडू और बी1 अनु कुमारी ने 1-1 विकेट हासिल किया।
भारत की आसान जीत
115 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने केवल 12.1 ओवरों में मुकाबला अपने नाम करते हुए खिताब जीता। भारत की शुरुआत भी ख़राब रही, जब 5 के स्कोर पर बी2 अनेका देवी (2 रन) का विकेट गिर गया। लेकिन इसके बाद, बी1 करुणा ने कप्तान बी3 दीपिका के साथ दूसरे विकेट के लिए 28 रन जोड़कर पारी को संभाला। दीपिका 6 रन बनाकर आउट हुईं। करुणा ने इसके बाद बी3 फुला सरेन के साथ तीसरे विकेट के लिए 51 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की, जो भारत को जीत की दहलीज तक ले गई। करुणा ने 27 गेंदों में शानदार 42 रन बनाए।
फुला सरेन का फिनिश
करुणा के आउट होने के बाद, फुला सरेन ने बी2 बसंती हांसदा (13 रन) के साथ अटूट साझेदारी की और भारत को आसान जीत दिलाई। फुला सरेन 27 गेंदों में 4 चौकों के साथ नाबाद 44 रन बनाकर टीम को जीत तक ले गईं।नेपाल की तरफ से बी3 दिल्लीसरा धमाला ने 1 विकेट निकाला।इस जीत के साथ ही भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने उद्घाटन विश्व कप खिताब जीतकर देश के लिए एक अविस्मरणीय उपलब्धि दर्ज की है।
