IND vs SL: भारतीय युवा टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 5 मैच की टी20 सीरीज 4-1 से जीत ली। अब टीम इंडिया 10 दिनों से ज्यादा के ब्रेक के बाद दोबारा एक्शन में नजर आएगी। इस बार टीम इंडिया श्रीलंका का दौरा करेगी जहां वह 3-3 मैच की टी20 और वनडे सीरीज खेलेगी। भारत का यह दौरा तीन टी20 मैचों से शुरू होगा, जो 27, 28 और 30 जुलाई को खेले जाएंगे। तीन टी20 मैचों के बाद, दोनों टीमें 2, 4 और 7 अगस्त को तीन वनडे मैचों में आमने-सामने होंगी।
भारत-श्रीलंका सीरीज (साभार -BCCI/SL)
बीसीसीआई जल्द ही इस सीरीज के लिए टीम की घोषणा कर सकती है। फैंस को इस घोषणा का बेसब्री से इंतजार है। हाल के दिनों में इस सीरीज को लेकर जिस तरह की खबरें सामने आई है उसको देखते हुए कहा जा सकता है कि टीम इंडिया का यह दौरा बेहद खास होने वाला है। आइए नजर डालते हैं उन 5 कारणों पर जिनकी वजह से यह दौरा बन गया है खास।
1. रोहित, विराट और बुमराह नहीं
इंडियन एक्सप्रेस के एक रिपोर्ट के अनुसार रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह और विराट कोहली इस दौरे के लिए श्रीलंका नहीं जाएंगे। उन्हें इस दौरे से आराम दिया जाएगा। ये तीनों खिलाड़ी बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में एक्शन में नजर आएंगे।
2. केएल राहुल करेंगे वनडे में कप्तानी
इंडिया टुडे के एक रिपोर्ट के अनुसार रोहित की गैर मौजूदगी में केएल राहुल वनडे टीम की कमान संभालते नजर आएंगे। उन्होंने दिसंबर 2023 में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर टीम की कप्तानी की थी। हार्दिक पांड्या को वनडे सीरीज के लिए उप-कप्तान बनाया जा सकता है।
3. हार्दिक पांड्या करेंगे टी20 में कप्तानी
टी20 में हार्दिक पांड्या के भविष्य को लेकर कोई संदेह नहीं है और वह इस फॉर्मेंट में कमान संभालने के लिए तैयार हैं। हार्दिक 2024 टी20 विश्व कप में उप-कप्तान थे। ऐसा लग रहा था कि वह 2023 में भारत के पूर्णकालिक टी20 कप्तान बनेंगे, लेकिन रोहित ने जनवरी 2024 में वापसी की और अपनी कप्तानी में टी20 वर्ल्ड चैंपियन बने।
4. बतौर कोच गौतम गंभीर का पहला दौरा
गौतम गंभीर को बीते 9 जुलाई को टीम इंडिया का हेड कोच बनाया गया है। इस दौरे के साथ वह अपना कार्यकाल शुरू करेंगे। वे जिम्बाब्वे दौरे पर नहीं गए। वह टीम इंडिया के साथ दिसंबर 2027 तक जुड़े रहेंगे।
5. श्रेयस अय्यर की वापसी
वर्ल्ड कप के बाद से टीम से बाहर चल रहे श्रेयस अय्यर की इस दौरे पर वापसी लगभग तय है। श्रेयस वापसी के लिए जीतोड़ मेहनत कर रहे हैं। इसके अलावा ईशान किशन को भी कंसिडर किया जा सकता है।
