IND vs NZ 3rd ODI: इंदौर में भारत के खिलाफ पहली वनडे सीरीज जीतने के इरादे से उतरेगा न्यूजीलैंड, रविवार को होगी भिड़ंत

भारत और न्यूजीलैंड की टीमों के बीच तीन मैच की वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला रविवार को इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा। सीरीज 1-1 की बराबरी पर है। ऐसे में कीवी टीम भारत के खिलाफ उसकी धरती पर पहली ओडीआई सीरीज जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

इंदौर: अब तक घरेलू धरती पर वनडे में शानदार रिकॉर्ड रखने वाले भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रृंखला जीतने के लिए रविवार को यहां होने वाले तीसरे और अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में तीनों विभाग में अच्छा प्रदर्शन करना होगा। न्यूजीलैंड की टीम की निगाह भी श्रृंखला जीतकर इतिहास रचने पर होगी। तीन मैचों की श्रृंखला अभी 1-1 से बराबर है। मार्च 2019 के बाद से भारत ने अपने घरेलू मैदान पर कोई द्विपक्षीय वनडे श्रृंखला नहीं हारी है। तब ऑस्ट्रेलिया ने 0-2 से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए श्रृंखला 3-2 से जीती थी लेकिन अब यह रिकॉर्ड दांव पर लगा है।

IND vs NZ 3rd ODI Match Preview

भारत बनाम न्यूजीलैंड तीसरा वनडे मैच प्रीव्यू

न्यूजीलैंड ने भारत में नहीं जीती है 37 साल में कोई सीरीज

न्यूजीलैंड के लिए भी यह मैच काफी महत्वपूर्ण है। उसकी टीम ने 1989 से द्विपक्षीय वनडे मैचों के लिए भारत का दौरा किया है, लेकिन यहां कभी भी श्रृंखला नहीं जीती है। इस इंतजार को खत्म करने का यह उसके पास संभवत: सबसे अच्छा अवसर है। भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर नहीं चाहेंगे कि उनके नेतृत्व में घरेलू मैदान पर टीम को एक और श्रृंखला में हार का सामना करना पड़े। विशेषकर तब जबकि उन्होंने कई अनचाहे रिकॉर्ड बनाए हैं। गंभीर के कोच रहते हुए भारत ने घरेलू मैदान पर पांच टेस्ट मैच हारे हैं और पहली बार श्रीलंका में वनडे श्रृंखला गंवाई।

End of Feed