IND U19 vs ENG U19: वैभव सूर्यवंशी ने मचाया धमाल, भारत ने इंग्लैंड को दी छह विकेट से मात

वैभव सूर्यवंशी की शानदार बल्लेबाजी के बल पर भारत ने इंग्लैंड की अंडर-19 टीम को 6 विकेट से मात देकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।

होव: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में शानदार प्रदर्शन से उत्साहित युवा वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे ने शुक्रवार को गेंदबाजों की अच्छी गेंदबाजी के बाद बल्ले से धमाल मचाया जिससे भारत ने अंडर-19 दौरे के पहले वनडे में इंग्लैंड को छह विकेट से हराकर श्रृंखला में 1-0 की बढ़त हासिल की। भारतीय गेंदबाजी इकाई ने कनिष्क चौहान (20 रन देकर तीन विकेट) और मोहम्मद एनान (37 रन देकर दो विकेट) की स्पिन जोड़ी के नेतृत्व में तेज गेंदबाजों आरएस अंबरीश (24 रन देकर दो विकेट) और हेनिल पटेल (41 रन देकर दो विकेट) के साथ मिलकर शानदार प्रदर्शन किया।

Vaibhav Suryavanshi

वैभव सूर्यवंशी (साभार Screen Grab X)

रॉकी फ्लिंटॉफ (90 गेंद में 56 रन) के जुझारू अर्धशतक के बावजूद इंग्लैंड की टीम 42.2 ओवर में 174 रन पर सिमट गई। इस लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने सूर्यवंशी और म्हात्रे की बदौलत धमाकेदार शुरुआत की जिन्होंने सात ओवर में बिना किसी नुकसान के 70 रन बना लिए। लेकिन इनके जाने के बाद उप कप्तान अभिज्ञान कुंडू ने नाबाद 45 रन (34 गेंद, चार चौके, एक छक्का) बनाकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। भारत ने यह मैच महज 24 ओवर में जीत लिया और पांच मैच की श्रृंखला में बढ़त बना ली। वनडे श्रृंखला के बाद 12 जुलाई से दो युवा टेस्ट मैच खेले जाएंगे।

End of Feed