नई दिल्ली: भारतीय टीम ने मंगलवार को दक्षिण अफ्रीका को तीसरे वनडे में सात विकेट से मात देकर ऑस्ट्रेलिया के 19 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी की। नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी की और पूरी टीम 27.1 ओवर में 99 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में भारतीय टीम ने 185 गेंदें शेष रहते तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया।
भारतीय क्रिकेट टीम
साल 2003 में ऑस्ट्रेलिया ने 38 इंटरनेशनल मैच जीतकर रिकॉर्ड बनाया था। वह एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाला देश बन गया था। 19 साल के बाद भारत ने पांच बार की विश्व विजेता टीम के रिकॉर्ड की बराबरी की। भारत की यह साल 2022 में 38वीं इंटरनेशनल जीत रही। बहरहाल, भारत के पास ऑस्ट्रेलिया के इस रिकॉर्ड को तोड़ने का मौका टी20 वर्ल्ड कप में होगा। भारतीय टीम 23 अक्टूबर को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ मेलबर्न में अपने टी20 वर्ल्ड कप अभियान की शुरूआत करेगी।
गौरतलब है कि भारतीय टीम ने मंगलवार को दक्षिण अफ्रीका को तीसरे वनडे में हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम की। इससे पहले रोहित शर्मा के नेतृत्व वाली भारतीय टीम ने तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज में दक्षिण अफ्रीका को 2-1 से मात दी थी।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीसरे वनडे की बात करें तो कुलदीप यादव (4 विकेट) की शानदार गेंदबाजी के सामने प्रोटियाज बल्लेबाजों ने सरेंडर कर दिया और पूरी टीम केवल 99 रन पर ढेर हो गई। दक्षिण अफ्रीका का भारत के खिलाफ भारत में यह सबसे छोटा वनडे स्कोर है। इसके बाद भारतीय टीम ने 19.1 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कुलदीप यादव को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मोहम्मद सिराज को प्लेयर ऑफ द सीरीज के खिताब से नवाजा गया।
