ICC Test Rankings: भारतीय क्रिकेट टीम ने 9 मार्च 2024 को धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए टेस्ट सीरीज के पांचवें और आखिरी मैच में इंग्लैंड क्रिकेट टीम को एक पारी और 64 रनों से मात दे दी। पारी के अंतर से जीत हासिल कर भारत ने इंग्लैंड पर लगातार चौथी जीत हासिल की और सीरीज 4-1 के अंतर से अपने नाम कर ली। इस जीत के बाद भारतीय क्रिकेट टीम को आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में बंपर फायदा हुआ है।
पांचवें टेस्ट में इंग्लैंड पर बड़ी जीत हासिल करने के बाद, भारत ने न केवल आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप अंक तालिका में अपना नंबर 1 स्थान मजबूत किया, बल्कि ऑस्ट्रेलिया को पछाड़कर नई विश्व नंबर 1 टेस्ट टीम भी बन गई है। टेस्ट में नंबर 1 स्थान पर पहुंचने के बाद, भारत अब एक बार फिर एक ही समय में खेल के तीनों प्रारूपों में नंबर 1 स्थान पर आ गया है।
आईसीसी मौजूदा टेस्ट रैंकिंग (फोटो- ICC)
रोहित ने पाई खास उपलब्धि
पांचवें टेस्ट में भारत द्वारा इंग्लैंड को हराने के बाद, रोहित शर्मा विराट कोहली, एमएस धोनी, सौरव गांगुली और मोहम्मद अज़हरुद्दीन के बाद 10 या अधिक टेस्ट मैच जीतने वाले पांचवें भारतीय कप्तान बन गए। उन्होंने टेस्ट में भारतीय कप्तान के रूप में एमएके पटौदी और सुनील गावस्कर की नौ जीत की संख्या को पीछे छोड़ दिया। धर्मशाला में इंग्लैंड के खिलाफ पांचवां टेस्ट भारत के कप्तान के रूप में उनका 16वां रेड-बॉल मैच था।
