विशाखापट्टन में खेले गए रोमांचक मैच में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को 2 विकेट से हरा दिया। टीम इंडिया के सामने जीत के लिए 209 रन का लक्ष्य था जो उसने आखिरी ओवर तक चले मुकाबले में 8 विकेट खोकर हासिल कर लिया। रिंकू सिंह ने 14 गेंद में 22 रन की आकर्षक पारी खेली और आखिरी गेंद पर छक्का मारकर जीत दिलाई।
रिंकू सिंह की आकर्षक पारी (साभार-AP)
आखिरी ओवर का रोमांच
आखिरी ओवर में टीम इंडिया को 6 गेंद में 7 रन की दरकार थी, लेकिन इस ओवर में टीम ने 3 विकेट गंवाए। इसके बावजूद रिंकू सिंह ने टीम इंडिया को जीत दिला दी। आखिरी गेंद पर टीम इंडिया को 1 रन की चाहिए थे और रिंकू सिंह ने छक्का मारकर जीत दिला दी। हालांकि, आखिरी गेंद नो बॉल थी और रिंकू को ये 6 रन नहीं मिले।इससे पहले 209 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की ओर से सूर्यकुमार यादव ने कप्तानी पारी खेली। उन्होंने 42 गेंद में 9 चौके और 4 छक्के की मदद से 80 रन की तूफानी पारी खेली। सूर्या के अलावा ईशान किशन ने 39 गेंद में 2 चौके और 5 छक्के की मदद से 58 रन बनाए। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 112 रन की साझेदारी की।
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ने जोस इंग्लिस के विस्फोटक शतकीय पारी के दम पर 3 विकेट खोकर 208 रन बनाए। इंग्लिस ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 50 गेंद में आठ छक्कों और 11 चौकों की मदद से 110 रन की पारी खेली और अंतरराष्ट्रीय करियर का अपना पहला शतक जड़ा। उन्होंने सलामी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ (52) के साथ दूसरे विकेट के लिए 130 रन की साझेदारी की। इंग्लिस ने सिर्फ 47 गेंद में शतक बनाया जो इस प्रारूप में ऑस्ट्रेलिया की ओर से संयुक्त रूप से सबसे तेज शतक है।
भारत की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा (50 रन पर एक विकेट) और रवि बिश्नोई (54 रन पर एक विकेट) ने एक-एक विकेट चटकाया लेकिन दोनों काफी महंगे साबित हुए।
(भाषा इनपुट के साथ)
