बैंकाक: राधा यादव की कप्तानी वाली विमेंस इंडिया ए टीम ने रविवार को बांग्लादेश को 46 रन के बड़े अंतर से पटखनी देकर विमेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 134 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद जीत के लिए मिले 135 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की टीम 88 रन पर ढेर हो गई। तेजल हंसबनीस को 34 गेंद में 51 रन की नाबाद पारा के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम(फोटो क्रेडिट BCCI Women)
खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम की कप्तान राधा यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया को नंदिनी कश्यप और दिनेश वृंदा ने अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 5 ओवर में 30 रन जोड़ लिए थे। छठे ओवर की पहली गेंद पर फातिमा जहान ने दिनेश वृंदा को बोल्ड कर दिया। वृंदा 19(17) रन बना सकीं।
पॉवरप्ले में भारत ने एक विकेट के नुकसान पर 33 रन बना लिए थे। इसके बाद सातवें ओवर में भारत ने लगातार दो विकेट पहली और दूसरी गेंद पर गंवा दिए। नंदिनी कश्यप 8(15) रन बनाकर रन आउट हो गईं। इसके बाद अगली ही गेंद पर मिनु मनी खाता खोले बगैर कैच दे बैठीं। नौवें ओवर में भारत को चौथा झटका अनुष्का शर्मा के रूप में लगा। वो 8(12) रन बना सकीं।
44 रन पर 4 विकेट गंवाने के बाद भारतीय पारी को तेजल हंसबनीस और कप्तान राधा यादव ने पारी को संभाला। दोनों टीम को 113 रन तक ले गईं। राधा यादव 36(30) रन बनाकर फातिमा खातून का शिकार बनीं। राधा के आउट होने के बाद एक बार फिर विकेटों की झड़ी लग गई। लेकिन तेजल एक छोर संभाले रहीं। उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया और टीम को 20 ओवर में 7 विकेट पर 134 रन तक पहुंचने में सफल रहीं। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के जड़े। बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा 4 विकेट फाहिमा खातून ने लिए। वहीं एक-एक विकेट फरजाना एसमीन और फातिमा जहान के खाते में गया।
जीत के लिए 135 रन के लक्ष्य का पीछा करते उतरी बांग्लादेश की शुरुआत खराब रही लेकिन टीम ने 48 रन तक पहुंचते पहुंचते 4 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद बांग्लादेश के विकेटों की झड़ी लग गई और पूरी टीम 19.1 ओवर में 88 रन पर ढेर हो गई। बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा 20 रन शमीमा सुल्ताना ने बनाए। वहीं 18 रन की पारी शरमीन सुल्ताना ने खेली। भारत के लिए सबसे ज्यादा 3 विकेट प्रेमा रावत ने लिए। दो-दो सफलता सोनिया मंधिया और तनुजा कंवर के खाते में गए। एक-एक विकेट साइमा ठाकोर, मिनु मणि और राधा यादव की झोली में गया।
