IND W vs SL W Highlights: भारत ने जीती ट्राई सीरीज, फाइनल में श्रीलंका को 97 रनों से हराया
IND W vs SL W Highlights: स्मृति मंधाना की आक्रामक शतकीय पारी के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने महिला त्रिकोणीय एकदिवसीय श्रृंखला के फाइनल में रविवार को यहां श्रीलंका को 97 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया।
उमस भरे मौसम में ऐंठन से जूझते हुए बाएं हाथ की इस कलात्मक बल्लेबाज ने 101 गेंदों पर 116 रन की शानदार पारी खेली। भारतीय उपकप्तान ने फाइनल में अपनी पारी के दौरान 15 चौके और दो छक्के लगाये।भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 342 रन का बड़ा स्कोर खड़ा करने के बाद स्नेह राणा के चार और अमनजोत कौर के तीन विकेट से श्रीलंका की पारी को 48.2 ओवर में 245 रनपर समेट दिया।
श्रीलंका के लिए कप्तान चमारी अटापट्टू ने सबसे ज्यादा 66 गेंद 51 रन का योगदान दिया। नीलाक्षी डिसिल्वा ने 48 रन की पारी खेली।मंधाना ने 21 रन पर मिले जीवनदान का फायदा उठाते हुए अट्टापट्टू के खिलाफ लगातार चार चौके जड़कर वनडे करियर का 11वां शतक पूरा किया।सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल (30) के साथ 89 गेंद में 70 रन की साझेदारी टूटने के बाद मंधाना ने तेजी से रन बनाना शुरू किया। उन्होंने हरलीन देओल (56 गेंद में चार चौके की मदद से 47 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 106 गेंद में 120 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी को देवमी विहंगा ने मंधाना को आउट कर तोड़ा।
दोनों टीमों के स्क्वॉड (IND W vs SL W Full Squads)
भारतीय टीम: प्रतीका रावल, स्मृति मंधाना, हरलीन देयोल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, काशवी गौतम, अरुंधति रेड्डी, स्नेह राणा, नल्लापुरेड्डी चरणानी, तेजल हसबनिस, यास्तिका भाटिया, अमनजोत कौर, शुचि उपाध्याय।
श्रीलंका टीम: हासिनी परेरा, चमारी अटापट्टू (कप्तान), विशमी गुणरत्ने, हर्षिता समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, नीलाक्षी डी सिल्वा, अनुष्का संजीवनी (डब्ल्यू), डेवमी विहंगा, मल्की मदारा, सुगंडिका कुमारी, इनोका राणावीरा, हंसिमा करुणारत्ने, इनोशी प्रियदर्शनी, अचिनी कुलसुरिया, मनुदी नानायकारा, रश्मिका सेववंडी, पिउमी बैज।
