टी20 विश्व कप 2022 में रविवार को भारत और पाकिस्तान का महामुकाबला हुआ। पाकिस्तान ने भारत के सामने 160 रन का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज केएल राहुल (4), रोहित शर्मा (4) और सूर्यकुमार यादव (15) सस्ते में अपना विकेट गंवा बैठे। ऐसे में टीम इंडिया ने ऑलराउंडर अक्षर पटेल को चौथे नंबर पर उतारने का पैंतरा चला। हालांकि, अक्षर उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। वह 3 गेंदों में महज 2 रन बनाउकर रन आउट हो गए, जिससे भारत की मुश्किल बढ़ गईं।
बाबर-रिजवान के हाथ से फिसली गेंद
अक्षर सातवें ओवर में पवेलियन लौटे। यह ओवर स्पिनर शादाब खान ने डाला। अक्षर ने पहली गेंद पर काफी हड़बड़ी दिखाई। उन्होंने लेग स्टंप पर आई लेंथ गेंद को मिडविकेट की तरफ भेजने का प्रयास किया मगर सही से शॉट कनेक्ट नहीं हो पाया। हालांकि, उन्होंने सिंगल लेने के लिए दौड़ लगा दी, जिसके बाद नॉन-स्ट्राइकर एंड पर मौजूदा विराट कोहली ने वापस भेज दिया। अक्षर स्ट्राइकर एंड पर पहुंचने के लिए तेजी से वापस मुड़े लेकिन तब तक गेंद फील्डिंग कर रहे बाबर आजम के पास पहुंच गई।
बाबर ने गेंद को पकड़ने की कोशिश की पर वो फिसल गई। उन्होंने दूसरे प्रयास में विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान की तरफ गेंद को फेंका। रिजवान ने गेंद स्टंप्स में मारी लेकिन उन्हें भी रनआउट का भरोसा नहीं हुआ। दरअसल, गेंद रिजवान के हाथ से निकलकर स्टंप्स में लगी थी तो थर्ड अंपायर ने चेक किया और फिर अक्षर को रनआउट करार दिया। वह जिस वक्त आउट हुए, तब भारत का कुल स्कोर 31 रन पर 4 विकेट था।
The move to promote Axar Patel up the order does not work out for India. #INDvPAK | #T20WorldCup#PakVsInd t.co/I8Zm1cUPAH
— ANI (@ANI) Oct 23, 2022
अर्शदीप सिंह और हार्दिक पंड्या की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर भारत ने पाकिस्तान को आठ विकेट पर 159 रन पर रोक दिया। अर्शदीप ने चार ओवर में 32 रन देकर तीन विकेट लिए। उन्होंने पहले दो ओवर में ही पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम (0) और मोहम्मद रिजवान (चार) को आउट करके भारत को शानदार शुरूआत दिलाई। इसके बाद एशिया कप में जबर्दस्त प्रदर्शन करने वाले पंड्या ने 30 रन देकर तीन विकेट लिए। पाकिस्तान के लिये इफ्तिखार अहमद ने 51 रन बनाए और भारतीय गेंदबाजों के सामने बिल्कुल सहज दिखे।
