Rohit Sharma Fielding Video: लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर टीम इंडिया भले ही गेंदबाजी में संघर्ष कर रही है, लेकिन 39 साल के रोहित शर्मा ने अपनी फील्डिंग से सबका दिल जीत लिया। इंग्लैंड की पारी के दौरान अर्शदीप सिंह की गेंद पर रोहित शर्मा ने हवा में डाइव लगाकर दो रन बचाए, जिसके बाद पूरा स्टेडियम 'रोहित-रोहित' के नारों से गूंज उठा। ये वाकया इंग्लैंड की पारी के बीच का है। अर्शदीप सिंह बैक ऑफ लेंथ गेंद जो रूट को डालते हैं। यह गेंद ऑफ स्टंप के बाहर थी, जिसे रूट ने क्रीज में रहते हुए फ्रंट स्क्वायर की तरफ पंच किया। यह गेंद तेजी से बाउंड्री की तरफ जा रही थी। दर्शकों को ऐसा लग रहा था कि चौका होने वाला है।
रोहित शर्मा फील्डिंग (फोटो साभार- X)
चीते की फुर्ती से रोहित की फील्डिंग
इसी बीच रोहित शर्मा चीते की फुर्ती से जंप लगाकर आते हैं और गेंद को दबोच लेते हैं। डीप पॉइंट पर खड़े रोहित शर्मा अपनी दाईं तरफ तेजी से दौड़ते हुए गेंद पर झपट्टा मारते हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि गेंद को बाउंड्री पार करने से पहले ही रोहित शर्मा फुल लेंथ डाइव लगाकर शानदार तरीके से गेंद को रोक लेते हैं। रोहित की इस शानदार फील्डिंग से भारत को दो रन की बचत होती है। 39 साल की उम्र में रोहित की ये फुर्ती देखकर लॉर्ड्स में बैठा हर दर्शक हैरान रह जाता है। देखें वीडियो-
रोहित-रोहित करने लगता है हर दर्शक
रोहित की इस शानदार फील्डिंग को देखकर स्टेडियम में मौजूद हर दर्शक खड़ा हो जाता है और लोग 'रोहित-रोहित' के नारे लगाने लगते हैं। इंग्लैंड के फैंस ने भी रोहित की इस कोशिश के लिए तालियां बजाईं। कमेंटेटर्स भी रोहित की फिटनेस और कमिटमेंट की तारीफ करते नहीं थके। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से वनडे क्रिकेट में रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पिछले दिनों खबरें आई थीं कि चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर और हेड कोच गौतम गंभीर ने रोहित को बता दिया है कि वो 2027 वर्ल्ड कप के प्लान का हिस्सा नहीं हैं। हालांकि BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने इन अटकलों को खारिज कर दिया था।
