क्रिकेट

IND vs AUS 2nd Test Pitch Report, Delhi weather: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया दूसरे टेस्ट की पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल जानिए

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Feb 16, 2023, 09:12 PM IST

IND (India) vs AUS (Australia) 2nd Test Pitch Report and Delhi Weather Forecast: भारत और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के बीच शुक्रवार से बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का दूसरा टेस्ट मैच शुरू हो रहा है। चार टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले टेस्ट में भारतीय टीम ने जीत दर्ज करके सीरीज में बढ़त बनाई हुई है।

Image

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया दूसरे टेस्ट की पिच रिपोर्ट (AP)

KEY HIGHLIGHTS
  • बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023
  • अब भारत-ऑस्ट्रेलिया दूसरे टेस्ट मैच की बारी
  • क्या दिल्ली की पिच पर भी दिखेगा स्पिनर्स का जलवा

India vs Australia (IND vs AUS) 2nd Test Pitch Report, Delhi Weather Forecast: मेजबान भारतीय क्रिकेट टीम और मेहमान ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के बीच शुक्रवार से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दूसरा टेस्ट मैच शुरू होगा। चार टेस्ट मैचों की सीरीज (बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी) के पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को पारी और 132 रनों से शिकस्त देकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली थी। अब भारतीय क्रिकेट टीम राजधानी दिल्ली में इस बढ़त को दोगुना करना चाहेगी।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज के पहले टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की थी। नागपुर के वीसीए स्टेडियम में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 177 रन पर समेटने के बाद 400 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया था जिसमें कप्तान रोहित शर्मा का शानदार शतक शामिल था।

उसके बाद दूसरी पारी मेंं भारतीय गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलिया को महज 91 रन पर समेटते हुए मैच में जानदार जीत हासिल की थी। जैसा कि उम्मीद जताई गई थी, उस मैच में स्पिनरों ने कहर बरपाया था। भारत की तरफ से अश्विन और जडेजा ने 5-5 विकेट लिए थे जबकि ऑस्ट्रेलिया की तरफ से स्पिनर टॉड मर्फी ने 7 विकेट झटके थे। अब देखना दिलचस्प होगा कि दिल्ली की पिच कैसी रहेगी।

कैसी होगी दिल्ली की पिच? (India vs Australia 2nd Test Pitch Report)

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का दूसरा टेस्ट खेला जाना है। इस टेस्ट मैच में एक बार फिर सभी की नजरें पिच पर टिकी रहेंगी क्योंकि स्पिनर्स का बोलबाला पहले ही टेस्ट में देखने को मिल गया था। दिल्ली की पिच की बात करें तो खबर है कि एक बार फिर स्पिन ट्रैक देखने को मिलेगा। दोनों टीमें अपनी प्लेइंग-11 में सर्वश्रेष्ठ स्पिनरों को शामिल रखना चाहेंगी ताकि इस पिच पर मदद मिल सके। शुरुआत में कुछ समय तक बल्लेबाजों को मदद मिल सकती है लेकिन जैसे-जैसे गेंद पुरानी होगी वैसे-वैसे स्पिनर्स अपना जादू दिखा सकते हैं। भारत ने इस मैदान पर 1987 के बाद से एक भी टेस्ट मैच नहीं गंवाया है और रोहित शर्मा चाहेंगी कि उनकी अगुवाई में ये रिकॉर्ड कायम रहे।

अगले 5 दिन कैसा होगा दिल्ली का मौसम? (Delhi weather forecast)

दिल्ली में इन दिनों सर्दी ढली जरूर है लेकिन अब भी हवा ठंडी है। मौसम का भी मैच पर काफी प्रभाव रहता है। अगले पांच दिनों के मौसम की बात करें तो दिल्ली में शुक्रवार से लेकर मंगलवार तक आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे, हालांकि बारिश की संभावना बहुत कम है। अगर तापमान की बात करें तो अगले 5 दिन अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेंटीग्रेड से 31 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने के आसार हैं। वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो ये 14 डिग्री सेंटीग्रेड से 16 सेंटीग्रेड के बीच रहने का अनुमान है। मुकाबला सुबह 9.30 बजे से शुरू होगा।
शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article