IND vs AFG 1st ODI: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का आगाज शनिवार को होने जा रहा है। सीरीज का पहला वनडे मुकाबला धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में 50 ओवर क्रिकेट में भारतीय क्रिकेट टीम के कई सितारों पर फैंस की नजरें रहेंगी, लेकिन जो एक खिलाड़ी सबसे ज्यादा फैंस को आकर्षित करने वाला है, वो हैं 'हिटमैन' के नाम से मशहूर पूर्व भारतीय कप्तान व मौजूदा ओपनर रोहित शर्मा (Rohit Sharma), जो अगर फिट रहे तो ना सिर्फ लंबे समय बाद भारत की नीली जर्सी में मैदान पर उतरेंगे बल्कि ग्राउंड पर आते ही एक बहुत बड़ा व खास वनडे रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे।
रोहित शर्मा
गौरतलब है कि रोहित शर्मा को फिटनेस टेस्ट पास करना था और इसे पास करने के बाद ही वह टीम से जुड़े। उन्हें IPL 2026 के दौरान हैमस्ट्रिंग की चोट लगी थी। रोहित प्लेइंग-11 में तो लौटे, लेकिन वापसी के बाद वो इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर ही खेलते नजर आए। अब रोहित वनडे सीरीज में शुभमन गिल के साथ ओपनिंग करने के लिए कमर कस चुके हैं।
ग्राउंड पर आते ही रोहित बनाएंगे ये खास रिकॉर्ड
शनिवार को अगर रोहित शर्मा मैदान पर उतरे तो उनकी उम्र होगी 39 साल और 44 दिन। इसी के साथ वो भारत के लिए वनडे मैच खेलने वाले इतिहास के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन जाएंगे। यह रिकॉर्ड अभी पूर्व भारतीय ऑलराउंडर मोहिंदर अमरनाथ के नाम दर्ज है, जो अक्टूबर 1989 में अपने आखिरी वनडे मैच के दिन 39 साल और 36 दिन के थे।
महान सचिन तेंदुलकर की बात करें तो उन्होंने जब अपना आखिरी वनडे मैच खेला, तब वे 38 साल के थे। उन्होंने अपना आखिरी वनडे मार्च 2012 में खेला था। 2013 में जब 'मास्टर ब्लास्टर' ने अपना आखिरी टेस्ट मैच खेला, तब वे 40 साल से ज़्यादा उम्र के थे। साल 2007 में अपना वनडे करियर शुरू करने वाले रोहित अगर रोहित आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 तक खेलते रहते हैं, तो वे 40 साल की उम्र में वनडे खेलने वाले पहले भारतीय बन जाएंगे।
