ICC Women's World Cup 2025: इंदौर के होलकर स्टेडियम पहुंची ट्रॉफी, मैदान करेगा पांच मुकाबलों की मेजबानी

भारत की मेजबानी में आयोजित होने जा रहे आईसीसी विमेंस वर्ल्ड कप 2025 की ट्रॉफी भारत के सबसे साफ शहर इंदौर पहुंच चुकी है। यहां के होलकर स्टेडियम में विश्व कप के पांच मैच खेले जाएंगे।

इंदौर (मध्यप्रदेश): भारत का सबसे स्वच्छ शहर इंदौर आगामी महिला विश्व कप स्पर्धा के पांच मुकाबलों की मेजबानी करेगा और इसके लिए शहर के होलकर स्टेडियम में बुनियादी ढांचे को करीब 15 करोड़ रुपये के खर्च से मजबूत किया जा रहा है। मध्यप्रदेश क्रिकेट संघ (एमपीसीए) के एक पदाधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।एकदिवसीय मुकाबलों के प्रारूप वाला महिला विश्व कप 30 सितंबर से शुरू होने वाला है। इस स्पर्धा की उल्टी गिनती शुरू होने के बीच विश्व कप ट्रॉफी को होलकर स्टेडियम लाकर प्रदर्शित किया गया। इस मौके पर एमपीसीए के पदाधिकारियों के साथ ही महिला क्रिकेट की पूर्व और वर्तमान खिलाड़ी मौजूद थीं।

ICC WOMEN'S ODI WORLD CUP 2025 TROPHY

आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 ट्रॉफी (फोटो क्रेडिट ICC)

एमपीसीए के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (सीएओ) रोहित पंडित ने संवाददाताओं को बताया कि होलकर स्टेडियम में अक्टूबर के दौरान महिला विश्व कप के पांच मुकाबले खेले जाएंगे जिनमें 19 अक्टूबर को मेजबान भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाली भिड़ंत शामिल है। पंडित ने बताया कि विश्व कप मुकाबलों के आयोजन की तैयारियों के तहत होलकर स्टेडियम में लगभग 15 करोड़ रुपये के खर्च से अलग-अलग कामों के जरिये बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इन कामों को अगले एक महीने के भीतर पूरा कर लिया जाएगा जिनमें होलकर स्टेडियम में एलईडी फ्लड लाइट लगाना और दर्शकों व खिलाड़ियों के लिए सुविधाओं को उन्नत करना शामिल है।

End of Feed