ICC U19 World Cup 2026 Schedule: अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने अंडर-19 पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2026 के पूरे कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 15 जनवरी से 6 फरवरी, 2026 तक जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। विश्व कप में कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी और खिताबी जंग के लिए कुल 41 मैच खेले जाएंगे। फाइनल मुकाबला 6 फरवरी को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में आयोजित किया जाएगा।
आईसीसी अंडर 19 वर्ल्ड कप (फोटो- ICC)
आयोजन स्थल और प्रारूप
मैचों के लिए जिम्बाब्वे में हरारे स्पोर्ट्स क्लब, ताकाशिंगा स्पोर्ट्स क्लब और क्वींस स्पोर्ट्स क्लब जैसे मैदानों का इस्तेमाल किया जाएगा। वहीं, नामीबिया में नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड और एचपी ओवल नामीबिया में मुकाबले खेले जाएंगे। विश्व कप में भाग लेने वाली 16 टीमों को चार-चार टीमों के चार समूहों (ए, बी, सी, डी) में बांटा गया है। फाइनल तक का रास्ता सुपर सिक्स चरण और सेमीफाइनल के माध्यम से तय होगा। 2024 संस्करण में अपने प्रदर्शन के आधार पर 10 टीमों ने क्वालीफाई किया है, जबकि मेजबान जिम्बाब्वे सीधे हिस्सा ले रहा है, और अन्य पांच टीमों ने क्षेत्रीय क्वालीफिकेशन स्पर्धाओं के माध्यम से अपनी जगह पक्की की है।
भारतीय टीम का ग्रुप
भारतीय टीम को ग्रुप ए में रखा गया है। इस ग्रुप में अन्य तीन टीमें बांग्लादेश, अमेरिका और न्यूजीलैंड हैं।
ग्रुप बी: जिम्बाब्वे, पाकिस्तान, इंग्लैंड और स्कॉटलैंड।
ग्रुप सी: ऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड, जापान और श्रीलंका।
ग्रुप डी: तंजानिया, वेस्टइंडीज, अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका।
आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने कहा कि हमें तंजानिया का स्वागत करते हुए विशेष खुशी हो रही है, क्योंकि वे अपनी शुरुआत कर रहे हैं।
महानता का केंद्र: दिग्गजों की अगली पीढ़ी
आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने इस टूर्नामेंट के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "आईसीसी अंडर-19 पुरुष क्रिकेट विश्व कप लंबे समय से महानता का केंद्र रहा है। यह ऐसा टूर्नामेंट है जो न केवल क्रिकेटरों की अगली पीढ़ी को, बल्कि दिग्गजों की अगली पीढ़ी को भी सामने लाता है।"उन्होंने ब्रायन लारा और सनथ जयसूर्या से लेकर विराट कोहली, केन विलियमसन, स्टीव स्मिथ और शुभमन गिल जैसे बड़े नामों का उदाहरण देते हुए कहा कि इस आयोजन ने लगातार हमारे खेल के भविष्य को आकार दिया है। उन्होंने सभी प्रतिभागी टीमों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि वे गर्व और वादे के साथ अपने देश का प्रतिनिधित्व करें।
