दुबई: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने रविवार की देर रात पाकिस्तान सरकार के उस फैसले पर संज्ञान लेते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी है जिसमें उसने अपनी राष्ट्रीय टीम को आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सशर्त हिस्सा लेने का निर्देश दिया है। आईसीसी ने कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के साथ इस मसले पर आधिकारिक चर्चा का इंतज़ार कर रहा है, लेकिन टूर्नामेंट में सशर्त भाग लेने की बात एक वैश्विक स्पोर्ट्स इवेंट के मूल सिद्धांत से मेल नहीं खाती है, जहां क्वालीफाई करने वाली टीमों से स्पर्धा के कार्यक्रम के अनुरूप समान शर्तों पर मुकाबला करने की उम्मीद की जाती है।
आईसीसी के चेयरमैन जयशाह (साभार jay Shah X)
ICC की सख्त टिप्पणी
आईसीसी ने एक बयान जारी कर कहा कि टूर्नामेंट ईमानदारी, प्रतिस्पर्धा, निरंतरता और निष्पक्षता पर आधारित होते हैं। इसमें सशर्त भागीदारी प्रतियोगिता की मूलभावना और पवित्रता को कमजोर करती है। हालांकि, आईसीसी राष्ट्रीय नीति के मामलों में सरकारों की भूमिका का सम्मान करता है, लेकिन यह फैसला वैश्विक खेल या दुनिया भर के फैंस जिसमें पाकिस्तान के लाखों प्रशंसक भी शामिल हैं, उनके हित में नहीं है।
आईसीसी को उम्मीद है कि पीसीबी अपने देश में क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण और दूरगामी प्रभावों पर विचार करेगा, क्योंकि इससे वैश्विक क्रिकेट के इकोसिस्टम पर असर पड़ने की संभावना है, जिसका वह खुद एक सदस्य और लाभार्थी है। आईसीसी की प्राथमिकता आईसीस मेन्स टी20 वर्ल्ड कप का सफल आयोजन करना है, जो पीसीबी सहित इसके सभी सदस्यों की भी ज़िम्मेदारी होनी चाहिए। उसे उम्मीद है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड एक ऐसा समाधान तलाशेगा जो सभी हितधारकों के हितों की रक्षा करे।
भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करेगा PAK
पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ आईसीसी टी20 विश्व कप के अपने बहुप्रतीक्षित ग्रुप लीग मुकाबले के बहिष्कार के फैसले की रविवार को औपचारिक घोषणा कर दी लेकिन सरकार ने सात फरवरी से शुरू हो रहे टूर्नामेंट के बाकी मैचों में राष्ट्रीय टीम की भागीदारी को मंजूरी दे दी है।
