आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2023 में इंडिया ने गुरुवार (19 अक्टूबर, 2023) को टूर्नामेंट में अपनी लगातार चौथी जीत दर्ज की। मैच को स्टार बैट्समैन विराट कोहली और विकेटकीर बल्लेबाज केएल राहुल ने फिनिश किया। जीत के बाद वे जैसे ही पवेलियन की ओर आ रहे थे तो ग्राउंड में कप्तान रोहित शर्मा ने उनका वेलकम किया और खुशी से गले लगा लिया।
खुशी के पल साझा करते हुए टीम इंडिया के खिलाड़ी।
खुशी के ये पल बेहद खास थे और बाद में सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म्स पर इससे जुड़े कुछ फोटो और वीडियो भी सामने आए। फैंस और बाकी लोगों ने इन्हें देखने के बाद प्यार बरसाया और कहा कि यही तो टीम का अलग अंदाज है। ऐसी टीम को किसी की नजर न लगे।
घटना के दौरान का एक फोटो खुद शर्मा ने भी इंस्टाग्राम पर शेयर किया। वह इसमें विराट और केएल को हग करते नजर आए। उन्होंने इस फोटो को कैप्शन दिया था, "टुगेदर" (साथ में)। वहीं, आईसीसी की ओर से भी उस दौरान का वीडियो डाला गया।
दरअसल, कोहली ने विजयी छक्का जड़कर अपने वनडे करियर का 48वां शतक पूरा किया, जिससे भारत ने गुरुवार (19 अक्टूबर, 2023) को महाराष्ट्र के पुणे में बांग्लादेश को 51 गेंद शेष रहते हुए सात विकेट से हराकर एकदिवसीय विश्व कप में अपना विजय अभियान जारी रखा।
शर्मा (40 गेंद पर 48 रन) और गिल (55 गेंद पर 53 रन) में पहले विकेट के लिए 88 रन जोड़कर भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई। आगे कोहली का बल्ला चला और उन्होंने 97 गेंद पर नाबाद 103 रन बनाए जिसमें छह चौके और चार छक्के हैं। उन्होंने राहुल (नाबाद 34) के साथ चौथे विकेट के लिए 83 रन जोड़कर भारत का स्कोर 41.3 ओवर में तीन विकेट पर 261 रन तक पहुंचाया।
