ICC Annual Rankings: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने शुक्रवार को वार्षिक टीम रैंकिंग अपडेट जारी किया है। जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने टेस्ट क्रिकेट में शीर्ष स्थान हासिल किया और भारत ने सफेद गेंद के दोनों प्रारूपों में अपना वर्चस्व बरकरार रखा है। भारतीय टीम के पास लंबे समय तक वार्षिक टेस्ट रैंकिंग में वर्चस्व था लेकिन वह अब ऑस्ट्रेलिया के नाम हो गया है।
आईसीसी रैंकिंग
आईसीसी के अनुसार, मौजूदा आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप विजेता ऑस्ट्रेलिया ने पिछले साल ओवल में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के निर्णायक मैच में भारत पर 209 रन की शानदार जीत के दम पर भारत से नंबर 1 का ताज छीन लिया है। ऑस्ट्रेलिया के 124 अंक हो गए हैं। जो कि दूसरे नंबर पर मौजूद भारतीय टीम से 4 अंक ज्यादा हैं। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर 105 अंकों के साथ इंग्लैंड, 103 अंकों के साथ द.अफ्रीका और 96 अंकों के साथ पांचवें नंबर पर न्यूजीलैंड मौजूद है।
वनडे में बादशाहत बरकरार
हालांकि भारत ने टेस्ट टीम रैंकिंग में शीर्ष स्थान खो दिया है, लेकिन वे वनडे में आगे बने हुए हैं और एकदिवसीय क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया से हार के बावजूद टॉप पर उनकी बढ़त 6 अंको तक बढ़ गई है। दूसरे नंबर पर वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया मौजूद है। तीसरे स्थान पर मौजूद दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया से केवल चार रेटिंग अंकों का अंतर कम किया है, जबकि पाकिस्तान और न्यूजीलैंड शीर्ष पांच में हैं।
