धर्मशाला: दिल्ली कैपिटल्स के सहायक कोच इयान बेल ने स्वीकार किया कि टीम इस सत्र में निरंतर प्रदर्शन नहीं कर पाई और अहम मुकाबलों में निर्णायक मौकों का फायदा "दमदार खेल से" उठाने में विफल रही। बेल को उम्मीद है कि टीम बाकी बचे मैचों में इस कमी को दूर करने पर ध्यान देगी। सात हार और चार जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स फिलहाल अंक तालिका में आठवें स्थान पर है और टीम पर आईपीएल 2026 की प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने के कगार पर है।
दिल्ली कैपिटल्स (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)
हम मौकों को भुनाने में रहे नाकाम
बेल ने सोमवार को यहां खेले जाने वाले पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले से पहले कहा, 'मेरा मानना है कि हमारा प्रदर्शन अस्थिर रहा है। अब पीछे मुड़कर देखें तो कई ऐसे मैच रहे, जहां हमारे पास जीत के मौके थे। आईपीएल में विश्वस्तरीय खिलाड़ियों के खिलाफ खेलते समय आपको उन मौकों को हर हाल में भुनाना पड़ता है, लेकिन हम ऐसा पर्याप्त मजबूती और जज्बे के साथ नहीं कर सके।'
अंतिम तीन मैच में अपना सबकुछ झोंक देंगे
इंग्लैंड पूर्व बल्लेबाज ने कहा कि टीम अपने अंतिम तीन लीग मैचों के लिए अब भी पूरी तरह प्रेरित है और आगे निरंतरता बनाए रखना बेहद जरूरी होगा। उन्होंने कहा, 'हमारे सामने अभी तीन बड़े मुकाबले हैं, जो खिलाड़ियों और फ्रेंचाइजी दोनों के लिए अहम हैं। हमारा पूरा फोकस अगले तीनों मैच जीतने पर है। हम दिल्ली कैपिटल्स का प्रतिनिधित्व करने पर गर्व महसूस करते हैं और खिलाड़ी टीम के प्रतीक और प्रशंसकों के लिए अपना सबकुछ झोंक देंगे।' उन्होंने कहा, 'हम अंक तालिका में जितना ऊपर संभव हो सके, उतना ऊपर खत्म करना चाहते हैं। इसके लिए सकारात्मक सोच जरूरी है, लेकिन सबसे अहम बात निरंतरता हासिल करना है, जो न केवल इस सत्र बल्कि भविष्य के लिए भी महत्वपूर्ण होगी।' दिल्ली की टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है और इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि बाकी है।
