नई दिल्ली: भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप के अपने अभियान की धमाकेदार शुरूआत की और पाकिस्तान को हराकर पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप में मिली शिकस्त का बदला ले लिया। विराट कोहली भारतीय टीम की जीत के नायक रहे, जिन्होंने शानदार पारी खेलकर पाकिस्तान के जबड़े से जीत छीन ली। मगर हार्दिक पांड्या ने गेंद और बल्ले दोनों से हम भूमिका निभाई। हालांकि, भारतीय ऑलराउंडर को लेकर एक बुरी खबर सामने आ रही है।
भारतीय टीम को अपना अगला मुकाबला नीदरलैंड्स के खिलाफ गुरुवार को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेलना है। हार्दिक पांड्या इस मुकाबले से बाहर रह सकते हैं। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय टीम ने मंगलवार को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में वैकल्पिक अभ्यास किया, लेकिन हार्दिक पांड्या इसमें शामिल नहीं हुए।
हार्दिक पांड्या ने पाकिस्तान के खिलाफ शुरूआत में कुछ आक्रामक शॉट्स लगाए थे, लेकिन बाद में उनकी लय खोती हुई नजर आई क्योंकि वो मांसपेशियों में खिंचाव से जूझते दिख रहे थे। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय टीम प्रबंधन ऑलराउंडर की फिटनेस पर बारीकी से निगाह रख रहा है और उन्होंने ही पांड्या के अभ्यास सत्र में शामिल नहीं होने का फैसला लिया था। हालांकि, इससे यह साबित नहीं होता कि पांड्या अगले मैच में नहीं खेलेंगे क्योंकि लगभग सभी गेंदबाजों ने आराम किया।
बता दें कि हार्दिक पांड्या ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच में पहले गेंदबाजी से अपना कमाल बिखेरा था। पांड्या ने पारी के 14वें ओवर में शादाब खान और हैदर अली को आउट करके पाकिस्तान को बैकफुट पर धकेल दिया था। इसके बाद उन्होंने मोहम्मद नवाज को अपना तीसरा शिकार बनाया था। हार्दिक पांड्या ने अपने चार ओवर के कोटे में 30 रन देकर तीन विकेट झटके थे। इसके बाद हार्दिक पांड्या जब क्रीज पर आए, तब भारतीय टीम 31 रन पर चार विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी।
तब हार्दिक पांड्या ने विराट कोहली के साथ मिलकर शतकीय साझेदारी की और भारत की वापसी कराते हुए मुकाबला रोमांचक बनाया। पांड्या ने 37 गेंदों में एक चौके और दो छक्के की मदद से 40 रन बनाए। उन्हें मोहम्मद नवाज ने आखिरी ओवर की पहली गेंद पर आउट किया था। भारतीय टीम ने आखिरी गेंद पर पाकिस्तान को मात दी थी।
