IND vs IRE: आयरलैंड के खिलाफ टीम इंडिया ने अपने टी20 वर्ल्ड कप अभियान की धमाकेदार शुरुआत की। खासतौर से उप-कप्तान हार्दिक पांड्या ने अपने प्रदर्शन से टीम इंडिया के फैंस की आधी चिंता दूर कर दी। आईपीएल में अपने फॉर्म से जूझ रहे हार्दिक ने आयरलैंड के खिलाफ धमाकेदार अंदाज में गेंदबाजी की और आइरिश बल्लेबाजों को संभलने का मौका नहीं दिया।
हार्दिक पांड्या (साभार-BCCI)
13 गेंद में झटके 3 विकेट
हार्दिक पांड्या ने 13 गेंद के भीतर 3 विकेट झटकर आयरलैंड के टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज की कमर ही तोड़ दी। उन्होंने अपना पहला ओवर पावरप्ले के बाद डाला। हार्दिक ने अपने पहले ओवर की 5वीं गेंद पर लॉर्कन टकर को आउट कर अपना पहला विकेट लिया। उन्होंने दूसरे ओवर के आखिरी गेंद पर कर्टिस कैंफर को पवेलियन भेजा। तीसरे ओवर की पहली गेंद पर उन्होंने मार्क अडेयर को आउट कर तीसरी सफलता हासिल की। उन्होंने 4 ओवर के स्पेल में 27 रन दिए और 3 विकेट चटकाए।
टीम इंडिया के लिए गुड न्यूज
हार्दिक का फॉर्म में आना टीम इंडिया के लिए बड़ी खुशखबरी है। हार्दिक अगर 4 ओवर की गेंदबाजी करेंगे और वो भी इस लय में तो टीम इंडिया को एक अतिरिक्त गेंदबाज या बल्लेबाज खिलाने की आजादी मिल जाएगी। बड़ी टीम के खिलाफ टीम इंडिया के लिए यह मास्टरस्ट्रोक साबित हो सकता है। इससे पहले वॉर्म-अप मैच में उन्होंने अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों से प्रभावित किया था। उन्होंने 23 गेंद में नाबाद 40 रन की पारी खेली थी जबकि गेंदबाजी में 1 विकेट भी चटकाया था।
हार्दिक पांड्या की इस स्पेल का ही नतीजा था कि आयरलैंड की टीम पूरे ओवर भी नहीं खेल पाई। आयरलैंड 16 ओवर में 96 रन बनाकर ढेर हो गई। इस मुकाबले में हार्दिक के अलावा जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह ने भी 2-2 विकेट चटकाए।
