इंडियन प्रीमियर लीग में आज का मुकाबला पिछले दो सीजन की फाइनलिस्ट और एक बार की चैंपियन गुजरात टाइटंस और कुछ ही दिन पहले आईपीएल रिकॉर्ड स्कोर बनाने वाली सनराइजर्स हैदराबाद टीम से होगा। ये मैच गुजरात टाइटंस के होम ग्राउंड नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium) में होगा जो अहमदाबाद (Ahmedabad) में स्थित है।
गुजरात-हैदराबाद मैच की पिच रिपोर्ट
गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच अब तक आईपीएल इतिहास में कुल 3 मैच खेले जा चुके हैं। इन तीन मैचों में 2 मैच गुजरात ने जीते हैं, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद के खाते में एक जीत आई है। गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल आज के मैच में एक बदली हुई रणनीति के साथ उतरना चाहेंगे क्योंकि हैदराबाद की टीम इस समय पूरी लय में नजर आ रही है। आइए जानते हैं कि आज होने वाले गुजरात-हैदराबाद मैच की पिच रिपोर्ट कैसी होगी।
आईपीएल 2024 में आज होने वाला गुजरात टाइटंस-सनराइजर्स हैदराबाद मैच में पिच पर बल्लेबाजों का दबदबा देखा जा सकेगा, वहीं यहां पर स्पिनर्स मध्य के ओवरों में तेज गेंदबाजों से ज्यादा प्रभावी नजर आएंगे। इस मैदान पर टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा करना चाहेगी। ये मैच दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट ग्रांउड नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने जा रहा है। ऐसे में यहां बाउंड्री भी बड़ी हैं और बल्लेबाजों को चौके-छक्कों के लिए थोड़ी ज्यादा मशक्कत करनी पड़ सकती है।
गुजरात और हैदराबाद की टीमें आईपीएल इतिहास में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर अब तक सिर्फ एक बार टकराई हैं। वो मैच आईपीएल 2023 में खेला गया था। उस मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने जीत दर्ज की थी। उस मैच में गुजरात की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी और उन्होंने 9 विकेट पर 188 रनों का स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद 189 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 154 रन ही बना सकी थी और मैच 34 रनों से गंवा दिया था। उस दिन शुभमन गिल ने 58 गेंदों में 101 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली थी। इस बार गिल टीम के कप्तान हैं इसलिए सभी की नजरें उन पर रहने वाली हैं।
