अपनी ही टीम को लेकर बोले जेसन होल्डर- गुजरात ने अब तक नहीं किया अच्छा प्रदर्शन

IPL 2026: पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में होल्डर ने चार विकेट लेकर गुजरात की पांच विकेट से जीत में अहम योगदान दिया। उन्होंने कहा कि टीम की सबसे बड़ी ताकत यह है कि जीत किसी एक खिलाड़ी पर निर्भर नहीं होती।

IPL 2026: गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज जेसन होल्डर का मानना है कि उनकी टीम अभी तक अपना सर्वश्रेष्ठ खेल नहीं दिखा पाई है, लेकिन इसके बावजूद टीम मैच जीत रही है और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है। पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में होल्डर ने चार विकेट लेकर गुजरात की पांच विकेट से जीत में अहम योगदान दिया। उन्होंने कहा कि टीम की सबसे बड़ी ताकत यह है कि जीत किसी एक खिलाड़ी पर निर्भर नहीं होती, बल्कि सभी खिलाड़ी मिलकर योगदान देते हैं। मैच के बाद होल्डर ने कहा, “हम जिस तरह खेल रहे हैं उसकी सबसे अच्छी बात यह है कि हम किसी एक खिलाड़ी पर निर्भर नहीं हैं और हर मैच में अलग-अलग खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा, “मुझे लगता है कि हमने अभी तक अपना बेस्ट खेल नहीं खेला है, लेकिन अच्छी बात यह है कि हम फिर भी मैच जीतकर दो अंक हासिल कर रहे हैं।”

Jason Holdar

जेसन होल्डर (फोटो साभार- IPL)

गुजरात का सुधर रहा प्रदर्शन

गुजरात इस मैच में बड़ी जीत दर्ज कर सकता था, लेकिन टीम ने लक्ष्य एक गेंद बाकी रहते हासिल किया। इसके बावजूद होल्डर ने नेट रन रेट की चिंता करने के बजाय जीत को ज्यादा अहम बताया। उन्होंने कहा, “मेरे हिसाब से पहली प्राथमिकता हमेशा मैच जीतना होती है। अगर परिस्थितियां अनुकूल हों तो हम नेट रन रेट के बारे में भी सोच सकते हैं, लेकिन फिलहाल फोकस जीत पर है।” वेस्टइंडीज के इस ऑलराउंडर ने कहा, “हमारी पहली प्राथमिकता हर मैच में दो अंक लेना और अपनी लय बनाए रखना है। हम लगातार तीन मैच जीत चुके हैं, इसलिए अब हमें इसी निरंतरता को बनाए रखना होगा। रन रेट जैसी चीजें अपने आप ठीक हो जाएंगी।”

End of Feed