आईपीएल 2026 के शेड्यूल में मामूली बदलाव किया गया। 26 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस का मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में प्रस्तावित था। अब यह मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा और मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा। इसी तर्ज पर चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटन्स के बीच 21 मई को होने वाला मुकाबला अब अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा जो पहले चेपॉक में प्रस्तावित था। दरअसल, अहमदाबाद और गुजरात के अन्य हिस्सों में 26 अप्रैल, 2026 को नगर निगम चुनाव होने हैं और इसलिए यह मामूली बदलाव किया गया।
चेन्नई बनाम गुजरात मैच (साभार-X)
इससे पहले भी चार राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के चलते आईपीएल के कार्यक्रम की घोषणा दो चरणों में की गई थी। पहले शुरुआती 20 मैच का कार्यक्रम जारी किया गया था और फिर बाद में जब चुनाव की तारीखों का ऐलान किया गया, उसके बाद आईपीएल के दूसरे फेज के कार्यक्रम की घोषणा की गई। हालांकि, प्लेऑफ का शेड्यूल अब भी जारी नहीं किया गया है। उम्मीद है कि जल्द प्लेऑफ और सेमीफाइनल और फाइनल के तारीख की घोषणा कर दी जाएगी।
आईपीएल 2026 में दोनों टीम का प्रदर्शन
आईपीएल 2026 की बात करें तो शुरुआती 20 मुकाबलों के बाद दोनों टीम संघर्ष करते नजर आ रही है। चेन्नई सुपर किंग्स 4 मुकाबले में केवल एक मैच जीत पाई है। 2 अंक के साथ टीम 9वें नंबर पर है जबकि गुजरात टाइटंस की टीम प्वाइंट्स टेबल में 5वें पोजिशन पर है। गुजरात ने 4 में से 2 मुकाबला अपने नाम किया है और 2 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। गुजरात ने लखनऊ और दिल्ली को हराया है जबकि पंजाब और राजस्थान के खिलाफ उसे हार का सामना करना पड़ा है। चेन्नई ने एकमात्र मैच दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जीता है।
