Rishabh Pant batting: ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज और भारत के पूर्व मुख्य कोच ग्रेग चैपल ने ऋषभ पंत के लीड्स टेस्ट में दोनों पारियों में शतक जड़ने के बाद उनकी जमकर तारीफ की है। चैपल ने कहा कि पंत न सिर्फ एक शानदार विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं, बल्कि वह "बल्लेबाजी को नया रूप दे रहे हैं"।
ऋषभ पंत (फोटो- AP0
पंत ने तोड़े कई रिकॉर्ड, पर टीम हार गई
लीड्स टेस्ट में पंत ने पहली पारी में 134 रन (178 गेंद, 12 चौके, 6 छक्के) और दूसरी पारी में 118 रन (140 गेंद, 15 चौके, 3 छक्के) की शानदार पारियां खेलकर कई रिकॉर्ड बनाए। हालांकि, भारत यह मैच इंग्लैंड के हाथों 5 विकेट से हार गया।
"पंत के शॉट्स क्रिकेट मैनुअल में भी नहीं!" - चैपल
चैपल ने एक प्रचार कार्यक्रम के दौरान कहा, "जब मैंने पहली बार पंत को देखा, तो उसने मुझे एडम गिलक्रिस्ट की याद दिला दी... हालांकि वह एक अलग तरह का खिलाड़ी है। एक विकेटकीपर जो इतनी तेजी से रन बना सकता है, वह टीम के लिए बड़ा फर्क लाता है।"उन्होंने आगे कहा, "सबसे खास बात यह है कि पंत बेहद तेजी से रन बनाता है, जिससे टीम को मैच जीतने का पर्याप्त समय मिल जाता है। उसने कुछ ऐसे शॉट खेले जो 'एमसीसी प्लेइंग मैनुअल' में भी नहीं हैं!"
चैपल ने कहा, "वह बल्लेबाजी को नया रूप दे रहा है। आधुनिक बैट और तकनीक के साथ अब वे शॉट्स संभव हो गए हैं, जो पहले नहीं थे। उसे खेलते देखना रोमांचक है।"
"पंत अप्रत्याशित है, विपक्षी टीम को रहना पड़ता है सतर्क"
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ने कहा, "आप कभी नहीं जान सकते कि पंत मैदान पर क्या करने वाला है। वह पहली ही गेंद पर तेज गेंदबाज के खिलाफ रैंप शॉट या एरियल अटैक कर सकता है। यही उसकी खासियत है।"
चैपल ने आगे कहा, "वह मैच विजेता है और इस टेस्ट में भी उसने अंतर पैदा कर दिया था। अगर भारत ने कुछ कैच पकड़े होते और निचले क्रम ने थोड़ा सहयोग दिया होता, तो परिणाम अलग हो सकता था।"
"गिल ने कप्तानी में की अच्छी शुरुआत"
चैपल ने भारत के नए टेस्ट कप्तान शुभमन गिल की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, "गिल ने कप्तान और बल्लेबाज दोनों रूप में अच्छी शुरुआत की, भले ही परिणाम उनके पक्ष में नहीं रहा। यह एक शानदार टेस्ट मैच था और भारतीय टीम ने इससे बहुत कुछ सीखा होगा।"उन्होंने आगे कहा, "गिल समय के साथ और बेहतर होंगे। अगर टीम ने कैच पकड़े होते और निचले क्रम ने बेहतर बल्लेबाजी की होती, तो परिणाम अलग हो सकता था।"
