Glenn Maxwell, Most Ducks in IPL: ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल के बल्ले की खामोशी आईपीएल 2024 में खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। जिस मैदान पर अफगानिस्तान के खिलाफ मैक्सवेल ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 202* रन की नाबाद ऐतिहासिक पारी खेली थी। उसी वानखेड़े स्टेडियम में मैक्सवेल मुंबई इंडियन्स के खिलाफ अपना खाता भी नहीं खोल सके। श्रेयस गोपाल ने अपनी फिरकी में फंसाकर उन्हें चौथी ही गेंद पर एलबीडब्लू कर दिया।
ग्लेन मैक्सवेल(IPL/BCCI)
मौजूदा सीजन में तीन बार नहीं खोल पाए खाता
मौजूदा सीजन में मैक्सवेल तीसरी बार अपना खाता नहीं खोल पाए। छह मैच की छह पारियों में (0, 3, 28, 0, 1, 0) मैक्सवेल केवल 32 रन 5.33 के औसत से बनाए हैं। 28 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। ये पारी उन्होंने कोलकाता के खिलाफ बेंगलुरू में खेली थी। लेग स्पिनर मैक्सवेल के लिए परेशानी की वजह लगातार बन रहे हैं।
सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले विदेशी
गुरुवार को शून्य पर आउट होते ही ग्लेन मैक्सवेल के नाम आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने का रिकॉर्ड साझा रूप से दर्ज हो गया। आईपीएल में मैक्सवेल 17 बार अपना खाता नहीं खोल सके। दिनेश कार्तिक, रोहित शर्मा भी इतनी ही बार अपना खाता खोलने में नाकाम रहे। ऐसे में मैक्सवेल आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले विदेशी खिलाड़ी भी बन गए हैं। विदेशी खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने के मामले में दूसरे पायदान पर सुनील नरेन और राशिद खान हैं। दोनों 15-15 बार अपना खाता खोलने में नाकाम रहे।
