Sourav Ganguly: भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली का कोचिंग में जलवा एक बार फिर देखने को मिला है। इस बार उन्होंने अपनी छाप विदेशी लीग में छोड़ी है। SA20 फ्रेंचाइजी प्रिटोरिया कैपिटल्स के कप्तान केशव महाराज ने खुलकर गांगुली की तारीफ की है और टीम को फाइनल तक पहुंचाने का श्रेय मुख्य कोच को दिया है। गांगुली पहले भी आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के साथ और BCCI अध्यक्ष के तौर पर अपनी लीडरशिप साबित कर चुके हैं।
सौरव गांगुली की कोचिंग का जलवा (फोटो साभार- AI Created)
सौरव गांगुली की हुई जमकर तारीफ
बता दें कि प्रिटोरिया कैपिटल्स ने लीग के पिछले यानी चौथे सत्र में शानदार प्रदर्शन किया था। टीम फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन खिताबी मुकाबले में उसे तीन बार की चैंपियन सनराइजर्स ईस्टर्न केप के हाथों 3 रन से रोमांचक हार का सामना करना पड़ा था। इसके बावजूद टीम का सफर काबिलेतारीफ रहा। कप्तान महाराज ने एक विज्ञप्ति में कहा कि टीम की इस कामयाबी के पीछे सबसे बड़ा हाथ गांगुली का है। उन्होंने कहा, "ऐसे टूर्नामेंटों में मजबूत टीम संस्कृति विकसित करना बेहद जरूरी होता है और इस मामले में गांगुली का योगदान शानदार रहा।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- जसप्रीत बुमराह क्यों बार-बार टीम इंडिया से हो रहे हैं बाहर, जानिए अब उन्हें क्या हुआ
कप्तान ने बताया कि गांगुली के साथ मिलकर उन्होंने एक मजबूत नेतृत्व समूह तैयार किया था। इसी समूह ने खिलाड़ियों को एकजुट रखा और हर मैच के लिए मानसिक तौर पर तैयार किया। महाराज के मुताबिक टीम में माहौल इतना सकारात्मक था कि मैच न होने वाले दिन भी सभी खिलाड़ी टीम रूम में एक साथ बैठते थे। साथ में खाना खाते, दूसरे मैच देखते और क्रिकेट पर घंटों चर्चा करते थे।
टीम का माहौल बनाया उत्साहजनक
उन्होंने कहा, "हमारे कई खिलाड़ियों ने टीम के लक्ष्य को पूरी तरह अपनाया। पूरे शिविर में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल था, जिसका हिस्सा बनना मेरे लिए सौभाग्य की बात थी।" बीते सत्र में महाराज ने 12 मैचों में 12 विकेट लिए थे। स्पिनर होने के नाते उन्होंने टीम को बीच के ओवरों में नियंत्रण दिया। लेकिन उनका मानना है कि मैदान के बाहर बना माहौल ही टीम की सबसे बड़ी ताकत बना। अब प्रिटोरिया कैपिटल्स SA20 के पांचवें सत्र की तैयारी में जुटी है। टीम अपने अभियान की शुरुआत फिर से सनराइजर्स ईस्टर्न केप के खिलाफ करेगी।
