भारतीय टीम लगातार दूसरी बार वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंची है, जहां उसका सामना पहली बार फाइनल खेल रहे ऑस्ट्रेलिया टीम से होगी। यह मुकाबला 7-11 जून के बीच लंदन के ओवल मैदान में खेला जाएगा। WTC के पहले फाइनल मैच में टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन दूसरे WTC फाइनल में कौन सी टीम का पलड़ा भारी है, इसको लेकर इंग्लैड के पूर्व कप्तान पॉल कॉलिंगवुड ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया
कॉलिंगवुड ने बताया टीम इंडिया को फेवरेट
पॉल कॉलिंगवुड ने एएनआई से बातचीत करते हुए कहा 'हां, टीम इंडिया के पास इस बार अच्छा मौका है क्योंकि वे मौजूदा बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन करके आए हैं। जिस तरह से वे खेल रहे हैं वह शानदार है, वे डब्ल्यूटीसी फाइनल में ऑस्ट्रेलिया पर हावी हो सकते हैं। भले ही ऑस्ट्रेलिया बहुत अच्छी टीम है लेकिन इंग्लैंड की परिस्थितियां अलग हैं। मुझे उम्मीद है कि हम दोनों तरफ से अच्छा मुकाबला देखेंगे' भारत ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हराकर लगातार चौथी बार इस सीरीज को अपने नाम किया था। सीरीज में एक मात्र टेस्ट ऑस्ट्रेलिया ने इंदौर के होलकर मैदान पर जीता था, जहां उसने टीम इंडिया को 9 विकेट से हराया था।
न्यूजीलैंड की जीत से भारत फाइनल में
WTC 2023 फाइनल की बात करें तो इसमें ऑस्ट्रेलिया टीम ने पहले अपनी जगह सुनिश्चित की थी। उन्होंने इंदौर टेस्ट 9 विकेट से जीत दर्ज कर WTC के फाइनल में जगह बनाई थी। टीम इंडिया के पास WTC के फाइनल में पहुंचने का दो विकल्प था।
पहला वह अहमदाबाद टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को हरा दे या फिर श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले टेस्ट में श्रीलंका की हार हो जाए। इससे पहले कि टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच अहमदाबाद टेस्ट मैच ड्रॉ होता, न्यूजीलैंड ने रोमांचक मुकाबले में श्रींलका को हरा कर भारत की जगह पक्की कर दी।
