Sandeep Lamichhane Visa Denied: संयुक्त राज्य अमेरिका और वेस्टइंडीज में आयोजित टी20 वर्ल्ड कप 2024 में खेलने की चाह रख रहे नेपाल के धाकड़ खिलाड़ी संदीप लामिछाने के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। दरअसल रेप के केस में हाईकोर्ट द्वारा बरी किए गए नेपाल से स्टार प्लेयर को यूएसए का वीजा नहीं मिला है। इसके बाद ये कयास लगाए जा रहे हैं कि उनका अब टी20 वर्ल्ड कप में खेलना मुश्किल है। भले ही यूएसए का वीजा नहीं मिला हो लेकिन फिर भी संदीप विश्वकप में अपनी टीम की ओर से धमाल मचा सकते हैं। आइए जानते हैं कैसे?
संदीप लामिछाने (Nepal cricket x)
बलात्कार के आरोप में दोषी पाए जाने के बाद लामिछाने को अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट दोनों से निलंबित कर दिया गया था। हालांकि जैसे ही कोर्ट ने संदीप को निर्दोष साबित किया तो उन्हें टीम का प्रतिनिधित्व करने के लिए मंजूरी दे दी गई। फैसले के बाद क्रिकेट नेपाल के अध्यक्ष ने कहा था कि वे टी20 विश्व कप के लिए लामिछाने को टीम में शामिल करने के लिए आवश्यक व्यवस्था कर रहे हैं। हालांकि ऐसा नहीं हो सका और यूएसए ने उन्हें वीजा देने के लिए इंकार कर दिया है।हालांकि 25 मई तक टीमों में बदलाव हो सकता है।
संदीप लामिछाने कैसे खेल सकते हैं टी20 वर्ल्ड कप?
टी20 वर्ल्ड कप का आय़ोजन यूएसए के साथ-साथ वेस्टइंडीज में भी किया जा रहा है। वेस्टइंडीज में अलग-अलग कैरेबियाई देश हैं जिनके वीजा नियम अलग हैं। ऐसे में भले ही यूएसए ने संदीप को वीजा नहीं मिला हो लेकिन अगर ये कैरेबियाई देश उन्हें मंजूरी दे देते हैं तो संदीप टी20 वर्ल्ड कप का हिस्सा बन सकते हैं। हालांकि वे यूएसए में होने वाले मैचों में भाग नहीं ले पाएंगे।
नेपाल को लीग स्टेज में 4 मैच खेलने हैं। इसमें नीदरलैंड और नेपाल के खिलाफ मैच अमेरिका में खेले जाएंगे। वहीं द.अफ्रीका और बांग्लादेश के खिलाफ महत्वपूर्ण मैच वेस्टइंडीज में खेले जाएंगे। ऐसे में लामिछाने 2 कैरेबियाई देश के दो मैचों में भाग लेकर टीम के लिए कमाल कर सकते हैं। जब लामिछाने को दोषी करार दिया गया था तब भी वे कैरेबियाई प्रीमियर लीग में शानदार प्रदर्शन कर रहे थे ऐसे में उनका अनुभव यहां पर काम आ सकता है। अब ये देखना होगा कि वे टी20 वर्ल्ड कप खेल सकते हैं कि नहीं।
