EXPLAINED: क्या कैप्टन रोहित शर्मा लौटा पाएंगे मुंबई इंडियन्स का स्वर्णिम दौर?

रोहित शर्मा को मुंबई इंडियन्स ने तीन साल बाद दोबारा टीम का कप्तान बनाने का फैसला किया है। क्या मुंबई इंडियन्स का ये दांव साबित होगा मास्टर स्ट्रोक? क्या रोहित शर्मा की ताजपोशी वापस लाएगी मुंबई इंडियन्स का स्वर्णिम दौर?

मुंबई: अंग्रेजी में एक कहावत है 'वन स्टेप फॉर्वर्ड, टू स्टेप बैकवर्ड'(एक कदम आगे, दो कदम पीछे)। कुछ ऐसा ही मुंबई इंडियंसके साथ आईपीएल में होता दिख रहा है। छह सीजन से खिताबी जीत के लिए तरस रही मुंबई इंडियंस ने तीन कदम पीछे खींचे हैं। भविष्य के सुनहरे सपने बुनने की कोशिश में हार्दिक पांड्या को कप्तान बनाने का निर्णय मुंबई इंडियंसके लिए बुरा सपना साबित हुआ। ऐसे में आईपीएल इतिहास सबसे सफल टीम की पुरानी चमक और धमक वापस लाने के लिए टीम मैनेजमेंट में टीम ने एक बार फिर हिटमैन रोहित शर्मा पर भरोसा जताया और उन्हें आईपीएल 2027 के लिए टीम कप्तान बनाने ऐलान कर दिया। ऐसे में अब सवाल उठ रहे हैं कि रोहित पर ही टीम मैनेजमेंट ने दांव क्यों लगाया? क्या ये फैसला मुंबई पलटन के स्वर्णिम दौर को वापस ला सकता है? आइए जानने की कोशिश करें?

Rohit Sharma and Akash Ambani

रोहित शर्मा और आकाश अंबानी (फोटो BCCI/IPL)

पहली बार कमान संभालते ही जिताया खिताब

साल 2013 में रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस का कप्तान बनाए जाने का फैसला बीच सीजन लिया गया, रिकी पॉन्टिंग जैसे धाकड़ खिलाड़ी से कप्तानी छीनकर रोहित के हाथों में सौंप दी गई। ऐसे में रोहित ने टीम का खिताबी सूखा पहली बार कप्तानी करते हुए खत्म करा दिया। इसके बाद मुंबई इंडियंस की खिताबी जीत का सफर 2020 में पांचवें खिताब पर आकर थमा। इसके बाद साल 2023 तक रोहित के हाथ में टीम की कमान रही लेकिन मुंबई की धार कुंद नजर आने लगी।

हार्दिक की कप्तानी में हाल हुआ बेहाल

मुंबई इंडियंस ने रोहित की कप्तानी में 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल खिताब जीते। इसके अलावा 2013 में चैंपियंस लीग टी20 का खिताब भी जीता था। लेकिन 2020 में आखिरी बार खिताब जीतने के बाद मुंबई की फ्रेंचाइजी का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा। टीम 2021 में पांचवें, 2022 में 10वें स्थान पर रही जबकि 2023 में क्वालीफायर 2 में हारकर बाहर हो गई। इसके बाद टीम प्रबंधन ने कप्तान बदलने का फैसला किया। हालांकि पंड्या की कप्तानी में भी मुंबई का प्रदर्शन बेहतर नहीं हुआ। टीम 2024 में 10वें और 2026 में नौवें स्थान पर रही। 2025 में टीम क्वालीफायर 2 तक पहुंची लेकिन इसके आगे नहीं बढ़ सकी।

नीता अंबानी के आंसुओं ने बदले समीकरण

मुंबई इंडियंस के फीके प्रदर्शन के बीच रोहित भारतीय टीम इंडिया के कप्तान भी बने लेकिन साल 2022 के विश्व कप सेमीफाइनल में मिली हार ने रोहित को बतौर कप्तान झखझोर कर रख दिया। इसके बाद भारतीय टीम ने रोहित की अगुआई में अपने खेल के तरीके में बदलाव किया और साल 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में टी20 विश्व कप खिताब जीतने में सफल रही। इस जीत के बाद रोहित शर्मा का भारतीय क्रिकेट में कद और बड़ा हो गया। टी20 वर्ल्ड चैंपियन कप्तान बनने के बाद रोहित जब भारत लौटे तब नीता अंबानी ने उनका नम आखों के साथ मंच पर अभिनंदन किया वो पूरी दुनिया ने देखा। इसी दिन रोहित की बतौर कप्तान वापसी की नींव पड़ गई और मुंबई इंडियंसकी टीम में खेमे बाजी शुरू हो गई।

खेमेबाजी का पड़ा टीम के प्रदर्शन पर असर

इस खेमेबाजी का असर अगले दो सीजन में मुंबई इंडियंस के प्रदर्शन पर पड़ा। टीम 2025 में प्लेऑफ में पहुंची लेकिन उसका सफर वहीं खत्म हो गया। इसके बाद टीम में खेमेबाजी और हावी हो गई और 2026 में टीम 14 में से केवल 4 मैच जीत सकी। इसी दौरान संकेत मिलने लगे कि टीम मैनेजमेंट ने हार्दिक से दूरी बनानी शुरू कर दी है और नए सीजन में वो टीम के साथ नहीं होंगे। आईपीएल 2027 की नीलामी से पहले ऐसा ही हुआ और मुंबई ने हार्दिक को पंजाब किंग्स को अर्शदीप सिंह के बदले ट्रेड कर दिया। इसके बाद से ही कयास लगने लगे थे कि टीम की कमान रोहित शर्मा के हाथों में वापस आएगी।

आसान नहीं होगी रोहित के लिए आगे की राह

दोबारा टीम की कमान संभलाना रोहित शर्मा के लिए भी आसान नहीं होगा। जसप्रीत बुमराह और सूर्यकुमार यादव जैसे खिलाड़ी भी कप्तान बनने के अरमान संजोए थे। उनके अरमानों पर रोहित की ताजपोशी के बाद पानी फिर गया। ऐसे में टीम के अंदर की दरार पूरी तरह खत्म हो गई है ये कहना ठीक नहीं है। हालांकि रोहित ने जो बयान कप्तान बनने के बाद दिया है उसका सीधा मतलब है कि छठी खिताबी जीत के लिए टीम मैनेजमेंट ने उन्हें फ्री हैंड दे दिया है। रोहित अब टीम के सर्वे-सर्वा हैं।

मास्टर स्ट्रोक साबित हो सकता है कदम

टीम का सपोर्ट स्टाफ भी पूरी तरह बदल चुका है। किरोन पोलार्ड टीम के नए हेड कोच बन चुके हैं, टी दिलीप फील्डिंग और रॉबिन उथप्पा बैटिंग कोच हैं। पोलार्ड मुंबई इंडियंसमें रोहित की कप्तानी में खेले। रॉबिन उथप्पा भी उनकी कप्तानी में पलटन के लिए खेले और साल 2007 में टी20 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य रहे थे। संकेत साफ है कि अब मुंबई इंडियंसमें जो हिटमैन चाहेंगे वही होगा। शेर शिकार करते वक्त अगर अपने कदम पीछे खींचता है तो इसका मतलब यह नहीं है कि वो पीछे हट रहा है। कई बार शिकार करने और ऊंची छलांग लगाने के लिए ऐसा करना पड़ता है और मुंबई इंडियंसने रोहित को इसी मंशा से कप्तान बनाया है। पलटन का यह कदम मास्टर स्ट्रोक साबित हो सकता है।

End Article
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रका...

End of Feed