ENG W vs NZ W: इंग्लैंड ने दी न्यूजीलैंड पटखनी, हार के साथ हुई सोफी डिवाइन की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से विदाई

न्यूजीलैंड को महिला विश्व कप 2025 में अपने आखिरी मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ हार का मुंह देखना पड़ा। इस मैच में हार के साथ ही कप्तान सोफी डिवाइन के अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत हो गया।

विशाखापत्तनम: इंग्लैंड ने स्पिनरों के कमाल और एमी जोन्स की शानदार पारी की मदद से रविवार को यहां महिला विश्व कप के मुकाबले में न्यूजीलैंड को आठ विकेट से हराकर स्टार ऑलराउंडर सोफी डिवाइन की विदाई को यादगार नहीं बनने दिया। न्यूजीलैंड की कप्तान डिवाइन ने अपने अंतिम वनडे मैच में टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन उनके बल्लेबाज अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतरे और उसकी पूरी टीम 38.2 ओवर में 168 रन पर आउट हो गई।

ENG W vs NZ W

इंग्लैंड विमेंस क्रिकेट टीम बनाम न्यूजीलैंड विमेंस क्रिकेट टीम

इंग्लैंड ने आसानी से हासिल की जीत

इंग्लैंड ने दो विकेट पर 172 रन बनाकर 124 गेंद शेष रहते हुए आसानी से जीत हासिल की। जोन्स ने 92 गेंद पर नाबाद 86 रन बनाए जिसमें 11 चौके और एक छक्का शामिल है। उन्होंने टैमी ब्यूमोंट (40) के साथ पहले विकेट के लिए 75 रन और हीथर नाइट (33) के साथ दूसरे विकेट के लिए 83 रन की साझेदारी की। डिवाइन ने नाइट के रूप में अपने करियर का अंतिम विकेट लिया। इस जीत से इंग्लैंड 11 अंक लेकर अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया के बाद दूसरे स्थान पर रहा। इंग्लैंड पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुका था जहां उसका सामना 29 अक्टूबर को गुवाहाटी में तीसरे नंबर की टीम दक्षिण अफ्रीका से होगा। दूसरा सेमीफाइनल इसके एक दिन बाद भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच नवी मुंबई में खेला जाएगा।

End of Feed