नॉटिंघम: इंग्लैंड को नॉटिंघम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट की पहली पारी में 416 रन पर ढेर करने के बाद वेस्टइंडीज ने करारा जवाब दिया है। शुक्रवार को बल्लेबाजी करने उतरी विंडीज ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 5 विकेट के नुकसान पर 351 रन बना लिए हैं। वेस्टइंडीज की टीम के हीरो केवम हॉज और एलिक अथनाजे रहे। हॉज ने 120 रन की और अथनाजे ने 82 रन की पारी खेलकर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हालांकि विंडीज की टीम अभी भी पहली पारी में इंग्लैंड ने 65 रन पीछे है।
वेस्टइंडीज बनाम इंग्लैंड (साभार England Cricket)
विंडीज ने अच्छी शुरुआत के बाद गंवाए 2 विकेट
दूसरे दिन के खेल के साथ अपनी पहली पारी का आगाज करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी रही। कप्तान क्रैग ब्रेथवेट और माइकल लुईस की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी को शोएब बशीर वे 15वें ओवर में लुईस को पवेलियन वापस भेजा। लुईस ने 21 रन बनाए। लुईस के आउट होने के बाद जल्दी ही ब्रैथवेट भी पवेलियन लौट गए। एटकिंसन ने उन्हें अर्धशतक पूरा नहीं करने दिया। ब्रैथवेट ने 48 रन बनाए। इसके बाद लंच से पहले विंडीज को क्रिक मैकेंजी के रूप में तीसरा झटका भी लग गया। मैकेंजी को भी बशीर ने चलता कर दिया। लंच तक विंडीज 89 रन पर 3 विकेट गंवा चुकी थी।
दिन के दूसरे सत्र में विडीज के लिए मोर्चा एलिक एथनाजे और केवम हॉज की जोड़ी ने संभाला। दोनों ने पिच पर पैर जमाते हुए अपने अपने अर्धशतक पूरे किए और टीम को चायकाल तक 3 विकेट पर 212 रन तक पहुंचा दिया। अथनाजे 65 और केवम 58 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे।
शतक से चूके एथनाजे
दिन के तीसरे सत्र में दोनों ने पारी को आगे बढ़ाया और चौथे विकेट के लिए 150 रन की साझेदारी 197 गेंद में पूरी कर ली और टीम को 250 रन के पार पहुंचा दिया। लेकिन इसके बाद एथनाजे 82 रन बनाकर स्टोक्स की गेंद पर ब्रूक के हाथों लपके गए और ये साझेदारी टूट गई।
हॉज ने जड़ा शानदार शतक
अथनाजे के आउट होने के बाद हॉज ने मोर्चा संभाले रखा और जेसन होल्डर के साथ पारी को आगे बढ़ाया। हॉज ने अपना शतक 143 गेंद में शतक 17 चौके की मदद से पूरा कर लिया। विडींज को 300 रन के पार पहुंचाने के बाद हॉज वोक्स की गेंद पर एलबीडब्लू हो गए। उन्होंने 120 रन बनाए। दिन का खेल खत्म होने तक जेसन होल्डर और विकेटकीपर जोशुआ डिसिल्वा ने और कोई विकेट नहीं गिरने दिया और टीम को 5 विकेट पर 351 रन तक पहुंचा दिया। होल्डर 23 और डिसिल्वा 32 रन बनाकर नाबाद हैं। इंग्लैंड के पास अभी भी 65 रन की बढ़त है।
