इंग्लैंड ने इटली को 24 रन से हराया, विल जैक्स के हरफनमौला प्रदर्शन से सुपर-8 में पहुंचे अंग्रेज

कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड इटली को 24 रन से मात दी। विल जैक्स के अर्धशतक की मदद से इंग्लैंड ने 7 विकेट पर 202 रन बनाए। जैक्स ने 22 गेंद पर नाबाद 54 रन की पारी खेली। इसके जवाब में इटली की पूरी टीम 20 ओवर में 178 रन ही बना सकी। इंग्लैंड के लिये सैम करन ने 22 रन और जैमी ओवर्टन ने 18 रन देकर तीन-तीन विकेट लिये।

कोलकाता, भाषा। विल जैक्स के हरफनमौला प्रदर्शन से इंग्लैंड ने आखिर तक जुझारू प्रदर्शन कर रही इटली को 24 रन से हराकर टी20 विश्व कप के सुपर आठ में प्रवेश कर लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जैक्स की आक्रामक पारी के दम पर इंग्लैंड ने आखिरकार अपनी लय हासिल करते हुए 7 विकेट पर 202 रन बनाए। जैक्स ने 22 गेंद में छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 54 रन बनाए और टूर्नामेंट में पहली बार टीम को 200 रन के पार पहुंचाया।

ENG vs Italy

इंग्लैंड ने सुपर-8 में बनाई जगह, फोटो- AP

जवाब में इटली ने शानदार प्रदर्शन किया और एक समय लग रहा था कि कोई उलटफेर हो जायेगा, लेकिन इंग्लैंड ने समय पर वापसी की। इटली के लिये बेन मानेंटी ने 25 गेंद में 60 और ग्रांट स्टीवर्ट ने 23 गेंद में 45 रन बनाये। जैक्स ने समय पर मानेंटी को आउट करके इंग्लैंड को मैच में वापसी का मौका दिया। इटली की टीम 20 ओवर में 178 रन ही बना सकी। इंग्लैंड के लिये सैम करन ने 22 रन और जैमी ओवर्टन ने 18 रन देकर तीन-तीन विकेट लिये।

End of Feed