लंदन: इंग्लैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ तीन टेस्ट मैच की आगामी श्रृंखला के पहले मुकाबले के लिए डैन लॉरेंस को दो साल बाद टीम में वापसी का मौका दिया है जबकि जैकब बेथेल दाहिने घुटने की चोट के कारण पूरी श्रृंखला से बाहर हो गए हैं। बेन स्टोक्स के संन्यास लेने के बाद के दौर की शुरुआत 19 अगस्त से लीड्स में होगी और सरे के बल्लेबाजी ऑलराउंडर लॉरेंस को पूर्व टेस्ट कप्तान की जगह लेने की बड़ी जिम्मेदारी संभालने का पहला मौका मिलेगा।
जौ रूट और बाबर आजम
लॉरेंस के छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने की संभावना है जबकि विकेटकीपर जैमी स्मिथ उनसे एक स्थान नीचे उतर सकते हैं। बेथेल की अनुपस्थिति ने जोर्डन कॉक्स के लिए तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने का रास्ता खोल दिया है। कॉक्स भी चोट के कारण जून में ही न्यूजीलैंड के खिलाफ द ओवल में टेस्ट पदार्पण कर पाए थे जहां उन्हें सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करनी पड़ी थी। तेज गेंदबाज ब्राइडन कार्स दाहिने हाथ की चोट के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ 1-2 से गंवाई श्रृंखला में नहीं खेल पाए थे। उन्हें इंग्लैंड की 16 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है।
ओली पोप की हुई है टीम में वापसी
टेस्ट कप्तान के रूप में जो रूट की वापसी हुई है जबकि नव नियुक्त कोच स्टीफन फ्लेमिंग की अनुपस्थिति में अंतरिम कोच मार्कस ट्रेस्कोथिक टीम चयन में शामिल रहे। पूर्व उपकप्तान ओली पोप की भी टीम में वापसी हुई है। उन्हें ऑस्ट्रेलिया में एशेज श्रृंखला के दौरान टीम से बाहर कर दिया गया था जहां उन्होंने 20.83 की औसत से रन बनाए थे। तेज गेंदबाज सैम कुक को भी टीम में शामिल किया गया है जिन्होंने मई 2025 में जिम्बाब्वे के खिलाफ अपना एकमात्र टेस्ट खेला था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: WTC Points Table: पाकिस्तान की जीत से बदल गई पॉइंट टेबल की तस्वीर, जानिए किस नंबर पर पहुंची टीम इंडिया
शोएब बशीर हैं टीम में बरकरार
ऑफ स्पिनर शोएब बशीर को टीम में बरकरार रखा गया है। हालांकि यह देखना होगा कि वह अंतिम एकादश में जगह बना पाते हैं या नहीं क्योंकि ऑफ स्पिन गेंदबाजी करने वाले लॉरेंस का खेलना तय माना जा रहा है। लॉरेंस सितंबर 2024 में अपने 14वें टेस्ट के बाद से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से बाहर थे। उन्होंने मौजूदा सत्र में काउंटी चैंपियनशिप के डिवीजन एक में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ मैच में पांच शतक लगाते हुए 65.66 की औसत से रन बनाए हैं।
संतुलन बनाने के लिए सैम कुरेन और रेहान अहमद हैं टीम में
स्टोक्स की अनुपस्थिति में टीम का संतुलन बनाने के लिए गेंदबाजी ऑलराउंडर सैम कुरेन और रेहान अहमद भी विकल्प के रूप में मौजूद हैं। स्टोक्स ने न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रृंखला गंवाने के बाद इंग्लैंड के लिए अपने शानदार टेस्ट करियर का अंत किया था। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 7,273 रन बनाए और 252 विकेट लिए। इंग्लैंड अपने पिछले नौ टेस्ट मैच में से सात गंवा चुका है और दिसंबर 2024 के बाद से कोई टेस्ट श्रृंखला नहीं जीत पाया है। पाकिस्तान के खिलाफ श्रृंखला के अन्य मुकाबले लॉर्ड्स और बर्मिंघम में खेले जाएंगे।
पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड की टीम:
जो रूट (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, शोएब बशीर, हैरी ब्रूक (उप-कप्तान), ब्राइडन कार्स, सैम कुक, जॉर्डन कॉक्स, बेन डकेट, मैथ्यू फिशर, एमिलियो गे, डैन लॉरेंस, ओली पोप, ओली रॉबिन्सन, जैमी स्मिथ (विकेटकीपर), जोश टंग।
(भाषा)
