ENG vs SL 2nd Test Day Three Highlights: दूसरे टेस्ट में जीत से 8 विकेट दूर इंग्लैंड, जो रूट ने जड़ा करियर का 34वां शतक

इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने श्रीलंका के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले जा रहे सीरीज के दूसरे टेस्ट के तीसरे ही दिन जीत की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। चौथे दिन श्रीलंका को जीत के लिए 430 रन बनाने हैं वहीं इंग्लैंड को 8 विकेट की दरकार है।

KEY HIGHLIGHTS
  • जो रूट ने जड़ा टेस्ट करियर का 34वां शतक
  • जीत के लिए इंग्लैंड ने श्रीलंका से सामने रखा 483 रन का लक्ष्य
  • तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका ने बनाए 2 विकेट पर 53 रन

लंदन: इंग्लैंड की टीम श्रीलंका के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले जा रहे सीरीज के दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन जीत की ओर कदम बढ़ा लिए हैं। मैच के तीसरे दिन इंग्लैंड की टीम अपनी दूसरी पारी में जो रूट की 103 रन की पारी की बदौलत 251 रन बनाकर ढेर हो गई। इसके बाद जीत के लिए मिले 483 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ने दिन का खेल खत्म होने तक 2 विकेट के नुकसान पर 53 रन बना लिए हैं। श्रीलंका को जीत के लिए 430 रन और बनाने हैं। दिमुथ करुणा रत्ने 23* और नाइट वॉच मैन प्रभात जयासूर्या 3* रन बनाकर नाबाद हैं। वहीं इंग्लैंड की मैच और सीरीज 2-0 से अपने नाम करने से 8 विकेट दूर है।

Joe Root

जो रूट

दूसरी पारी में 251 रन पर ढेर हुआ इंग्लैंड, रूट ने जड़ा शतक

तीसरे दिन अपनी दूसरी पारी में 1 विकेट पर 25 रन से आगे खेलने उतरी इंग्लैंड की टीम 54.3 ओवर में 251 रन बनाकर ढेर हो गई। जो रूट के अलावा और कोई बल्लाबाज पिच पर ज्यादा देर टिक नहीं सका। पहली पारी में 143 रन की पारी खेलने वाले रूट 103 रन बनाकर आउट हुए। वो लॉर्ड्स के मैदान पर सबसे ज्यादा शतक और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। वो लॉर्ड्स में दोनों पारियों में शतक जड़ने वाले दुनिया के चौथे बल्लेबाज बने। श्रीलंका के लिए दूसरी पारी में असिथा फर्नांडो, लहिरू कुमारा ने 3-3 विकेट चटकाए। वहीं 2-2 विकेट मिलन रत्नायके और प्रभात जयसूर्या के खाते में गए।

End of Feed