ENG vs IND 3rd ODI Pitch Report: भारत-इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा मुकाबला रविवार, 19 जुलाई को लंदन के लॉर्ड्स क्रिकेट स्टेडियम (Lord's Cricket Stadium, London) में खेला जाएगा। भारत और इंग्लैंड दोनों टीमें तीसरे मैच को जीतकर सीरीज जीतने की कोशिश करेंगी। सीरीज में अब तक खेले गए दो मुकाबलों में से एक मैच भारतीय टीम ने जीता है, जबकि दूसरे मुकाबले को इंग्लैंड ने अपने नाम किया है। ऐसे में दोनों टीमें इस मैच को जीतकर सीरीज पर कब्जा करने की कोशिश करेंगी। इस सीरीज में भारत की कप्तानी शुभमन गिल (Shubman Gill) कर रहे हैं। वहीं इंग्लैंड की कमान हैरी ब्रूक (Harry Brook) के हाथों में है। भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा वनडे मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 03:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 3:00 बजे होगा।
भारत बनाम इंग्लैंड पिच रिपोर्ट
रोहित शर्मा पर होंगी सबकी निगाहें
तीसरे मैच के लिये भारतीय टीम जब लॉडर्स पर उतरेगी तो समूचे क्रिकेट जगत की नजरें 'हिटमैन’ रोहित शर्मा पर लगी होंगी। तमाम अटकलों के बीच बीसीसीआई ने साफ तौर पर कहा है कि यह रोहित के कैरियर का आखिरी मैच नहीं होगा लेकिन पहले दो मैचों में नाकाम रहे भारत के पूर्व कप्तान खुद को साबित जरूर करना चाहेंगे। फ्रंटफुट पर बेहतरीन पुल शॉट खेलने और स्पिनरों को मैदान के चारों ओर खेलने वाले रोहित इस सीरीज में उस लय में नहीं दिखे, जिससे इन अटकलों को बल मिला कि 39 वर्ष का यह दिग्गज अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाला वनडे वर्ल्ड कप नहीं खेल सकेगा। कार्डिफ की कठिन पिच पर रोहित ने नौ डॉट गेंदें खेली जिसके बाद आउट हो गए। 'क्रिकेट का घर’ कहे जाने वाले लॉडर्स पर बल्लेबाजों की मददगार पिच पर शायद उन्हें लय हासिल करने में मदद मिले। बतौर कप्तान रोहित ने मोर्चे से अगुवाई करते हुए हमेशा पावरप्ले में जोखिमभरे शॉट्स खेले हैं। उनके प्रशंसक रविवार को उसी रोहित को देखना चाहते हैं।
कुलदीप को मिल सकता है मौका
कप्तान शुभमन गिल भी बड़ी पारी खेलना चाहेंगे जो सोफिया गार्डंस पर आसानी से आउट हो गए थे। दूसरी ओर विराट कोहली का शानदार फॉर्म बरकरार है। वह बृहस्पतिवार को दूसरे शतक की ओर बढ रहे थे लेकिन आर्चर की गेंद पर आउट हो गए जिसके बाद भारत का मध्यक्रम ढह गया और टीम को पराजय का सामना करना पड़ा। अब भारतीय टीम उससे सबक लेकर उतरेगी। केएल राहुल की जगह उतरे ईशान किशन शॉर्ट गेंद पर विकेट गंवा बैठे। उछलती गेंदों के सामने भारतीय बल्लेबाजों की कमजोरी जाहिर हो गई। श्रेयस अय्यर ने मध्यक्रम में अच्छा खेला और आदिल रशीद के साथ स्पिनरों का बखूबी सामना किया। गेंदबाजी में कुलदीप यादव को उतारा जा सकता है क्योंकि वॉशिंगटन सुंदर चोटिल हैं। रविंद्र जडेजा की गैर मौजूदगी में अक्षर पटेल ने स्पिन हरफनमौला का काम अच्छे से किया है। भारतीय गेंदबाजों को जो रूट के बल्ले पर अंकुश लगाना होगा जो कोहली की तरह रन बनाये जा रहे हैं। रूट के अलावा इंग्लैंड के बाकी बल्लेबाजों ने कुछ खास नहीं किया है।
भारत-इंग्लैंड हेड टू हेड (India vs England Head To Head)
भारत और इंग्लैंड के वनडे मैचों में आमने-सामने के आंकड़ों की बात करें तो अब तक इन दोनों टीमों के बीच 112 वनडे मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें भारत ने 62 वनडे मुकाबले में जीत हासिल की है, जिसमें इस सीरीज का पहला वनडे मैच भी शामिल है। वहीं, इंग्लैंड ने भारत को 45 मैचों में हराया है। इसमें सीरीज का दूसरा मुकाबला शामिल है। इस दौरान दोनों टीमों के बीच 2 मैच टाई रहे और तीन मुकाबले बेनतीजा रहे हैं। भारतीय टीम इस समय इंग्लैंड के दौरे पर है तो इंग्लैंड के मैदानों पर आंकड़े कैसे रहे हैं, ये भी जान लेते हैं। इंग्लैंड में टीम इंडिया और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच अब तक 47 वनडे हुए हैं। इसमें 24 मुकाबलों में इंग्लैंड जीता है। वहीं, 19 मैचों में भारतीय क्रिकेट टीम ने मेजबान टीम हराने में सफलता हासिल की है।
भारत बनाम इंग्लैंड आज की पिच रिपोर्ट (ENG vs IND 3rd ODI Today Pitch Report)
आज भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा वनडे मैच लॉर्ड्स क्रिकेट स्टेडियम, लंदन में खेला जाएगा। यह मैदान इंग्लैंड के सबसे खूबसूरत और संतुलित पिचों वाले ग्राउंड में गिना जाता है। लॉर्ड्स की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को मदद देती है। नई गेंद से तेज गेंदबाजों को सुबह के सेशन में स्विंग और सीम मूवमेंट मिलता है। यहां की मशहूर 'स्लोप' यानी ढलान की वजह से दाएं हाथ के बल्लेबाजों को आउटस्विंग और बाएं हाथ के बल्लेबाजों को इनस्विंग ज्यादा परेशान करती है। शुरुआती 10-15 ओवर के बाद पिच बल्लेबाजी के लिए आसान हो जाती है। गेंद पुरानी होने पर बल्लेबाज बड़े शॉट्स खेल सकते हैं। स्पिनर्स को दूसरी पारी में हल्की मदद मिलती है, खासकर जब पिच पर दरारें खुलने लगें। लॉर्ड्स पर वनडे में एवरेज स्कोर 252 रन के आसपास रहता है। यहां कई बार 300 से भी ज्यादा रन बने हैं। इस पिच पर सबसे बड़ा स्कोर इंग्लैंड ने 334 रन बनाया है। यानी पिच पर टिक गए तो बड़ा स्कोर बन सकता है। टॉस जीतने वाली टीम अक्सर पहले गेंदबाजी चुनती है। सुबह के वक्त बादल रहते हैं तो बॉल ज्यादा स्विंग होती है। बाद में धूप निकलने पर बल्लेबाजी आसान हो जाती है।
तीसरे वनडे मैच में भारत और इंग्लैंड के इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें (Players To Watch Out For In ENG vs IND 3rd ODI)
भारत-इंग्लैंड के बीच तीसरे वनडे मैच में कई खिलाड़ियों पर सबकी नजरें रहेंगी। भारत के फैन्स की नजरें रोहित शर्मा (Rohit Sharma), विराट कोहली (Virat Kohli), शुभमन गिल (Shubman Gill),श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer), अक्षर पटेल (Axar Patel), अर्शदीप सिंह (Arshdeep Singh), जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah)पर रहेंगी। वहीं इंग्लैंड के फैन्स की नजरें जैकब बेथल (Jacob Bethell), जो रूट (Joe Root), जोस बटलर (Jos Buttler), हैरी ब्रूक (Harry Brook), सैम करन (Sam Curran), आदिल रशीद (Adil Rashid) और जोफ्रा आर्चर (Jofra Archer) पर रहेंगी।
भारत और इंग्लैंड फुल स्क्वॉड
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़, प्रिंस यादव।
इंग्लैंड: हैरी ब्रूक (कप्तान), बेन डकेट, जोस बटलर (विकेटकीपर), टॉम बैंटन, जो रूट, जैकब बेथेल, विल जैक्स, रेहान अहमद, लियाम डॉसन, जेम्स कोल्स, सैम कुरेन, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, जोस टंग, साकिब महमूद, आदिल राशिद।
