भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा के इंग्लैंड की चार्ली डीन को मांकडिंग (नॉन-स्ट्राइकर एंड पर रनआउट) करने पर चर्चा जारी है। पुरुष खिलाड़ियो से लेकर महिला क्रिकेटर की इसपर राय बंटी हुई है। क्रिकेट विशेषज्ञ अपने अंदाज में प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कोई नियमों का हवाला दे रहा है तो किसी का कहना है कि खेल भावना का ख्याल रखा जाना चाहिए था। हालांकि, विविदित रनआउट पर ऑस्ट्रेलिया की स्टार ऑलराउंडर एलिसे पेरी ने बिलकुल ही अलग अंदाज में रिएक्ट किया है। उन्होंने जिस तरह का जवाब दिया, उसकी उम्मीद शायद ही किसी को रही होगी।
पेरी ने दिया मजकिया जवाब
31 वर्षीय पेरी नॉन-स्ट्राइकर एंड पर रन आउट किए जाने के फैसले से सहमत नहीं हैं, लेकिन उन्होंने इंग्लैंड पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अगर मांकडिंग करना ही है तो यह केवल इंग्लैंड के खिलाफ किया जाना चाहिए। पेरी ने द ग्रेड क्रिकेटर पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान मजाकिया जवाब देते हुए कहा, 'मुझे लगता है कि इसका निचोड़ देखें तो यह अच्छा नहीं है। ऐसा नहीं होना चाहिए। लेकिन अगर आप ऐसा करने जा रहे हैं तो इंग्लैंड के खिलाफ ही करें।' गौरतलब है कि दीप्ति ने लॉर्ड्स में इंग्लैंड के विरुद्ध तीसरे और आखिरी वनडे में मांकडिंग नियम से डीन को रनआउट कर भारत को 16 रन से जीत दिलाई थी। यह दिग्गज तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच था।
