KKR vs SRH: कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के मेंटर और पूर्व वेस्टइंडीज क्रिकेटर ड्वेन ब्रावो ने बुधवार को अपने बल्लेबाजों को याद दिलाया कि टी20 क्रिकेट में आक्रामकता जरूरी है, लेकिन अगर बेसिक्स को नजरअंदाज किया जाए, तो यह सही क्रिकेट नहीं है। केकेआर ने मौजूदा आईपीएल सीजन में अब तक तीन मैच खेले हैं, जिनमें से दो में हार का सामना करना पड़ा है। बल्लेबाजों के अति-आक्रामक रवैये के कारण टीम को यह नुकसान उठाना पड़ा है, और ब्रावो इससे खुश नहीं हैं।
आईपीएल 2025 केकेआर बैटिंग (फोटो- AP)
टीम का प्रदर्शन असंतोषजनक
केकेआर ने इस सीजन में अब तक अपना सर्वोच्च स्कोर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ 8 विकेट पर 174 रन बनाया, जबकि मुंबई इंडियंस के खिलाफ टीम सिर्फ 116 रन पर ढेर हो गई। अब KKR अपने घरेलू मैदान ईडन गार्डन्स में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ मैच खेलने को तैयार है। हैदराबाद ने इस सीजन में पहले ही दो बार 280+ का स्कोर पार कर लिया है, जिससे केकेआर के लिए चुनौती और बढ़ गई है।
"क्रिकेट सिर्फ आक्रामकता नहीं, बेसिक्स भी जरूरी"
मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में ब्रावो ने कहा, "हमारे पास एक आक्रामक बल्लेबाजी लाइन-अप है, लेकिन सिर्फ आक्रामक होना क्रिकेट नहीं है। मेरा संदेश बल्लेबाजों के लिए है कि खेल की बुनियादी बातों को न भूलें। मैच की स्थिति के हिसाब से खेलने की समझदारी होनी चाहिए।हम जिन मैचों में हारते हैं, वे हमारे लिए सीख होते हैं। हमें यह समझना होगा कि बल्लेबाजी इकाई क्यों फेल हो रही है। कोचिंग स्टाफ के रूप में हमारी जिम्मेदारी है कि हम खेल का विश्लेषण करें और खिलाड़ियों को यह भरोसा दिलाएं कि T20 में सही क्रिकेट शॉट्स खेलना भी जरूरी है।"
"दो मैच के आधार पर खिलाड़ियों को नहीं आंका जा सकता"
ब्रावो ने दो मैच के प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों की आलोचना करने से इनकार करते हुए कहा, "आईपीएल में 14 मैच होते हैं। आप किसी खिलाड़ी का आकलन सिर्फ दो मैच के आधार पर नहीं कर सकते, खासकर जब वह पिछले कई सालों से सफल रहा हो। हर कोई हर मैच में शानदार नहीं खेल सकता, लेकिन हमें उनका समर्थन करना चाहिए और याद दिलाना चाहिए कि वे कितने महान हैं।"
नोर्किया की वापसी होने वाली है
KKR के प्रमुख गेंदबाज एनरिक नोर्किया पीठ की चोट से उबर रहे हैं। ब्रावो ने उनकी फिटनेस को लेकर अपडेट देते हुए कहा, "फिजियो को बेहतर पता होगा कि उसे कितना समय लगेगा, लेकिन वह वापसी के करीब है। हम उसकी मेहनत और गेंदबाजी से प्रभावित हैं। चयन टीम कॉम्बिनेशन और विरोधी टीम पर भी निर्भर करेगा, लेकिन फिटनेस के लिहाज से वह लगभग तैयार है।"
SRH भी आक्रामक क्रिकेट पर टिकी
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने भी इस सीजन में तीन में से दो मैच गंवाए हैं। उनके फील्डिंग कोच रेयान कुक ने कहा कि टीम अपनी आक्रामक शैली के प्रति प्रतिबद्ध है।कुक ने कहा, "हम वही क्रिकेट खेलने की कोशिश करते हैं जो हमें पसंद है। हमारी टीम आक्रामकता के लिए बनी है। हम 300 रनों के बारे में नहीं सोचते, लेकिन पिछले साल भी हमारी बल्लेबाजी में उतार-चढ़ाव रहा। जब आप इस तरह खेलते हैं, तो कभी-कभी ऐसा होता है।"
उन्होंने मोहम्मद शमी की तारीफ करते हुए कहा, "शमी एक शानदार गेंदबाज हैं और उन्होंने खुद को साबित किया है। ईडन की पिच उनके अनुकूल हो सकती है, क्योंकि यहां अच्छी लेंथ की जरूरत होती है। हम उन्हें कल गेंदबाजी करते देखने के लिए उत्सुक हैं।"
